स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के भविष्य को लेकर एक बड़ी अटकल सामने आई है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा का मानना है कि आईपीएल 2028 से पहले सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस (MI) का साथ छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का रुख कर सकते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने गौतम गंभीर और सूर्यकुमार की एक बार फिर KKR में साथ वापसी की भी भविष्यवाणी की है।
कमबॉक्स टीवी (CommBoxTV) के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान उथप्पा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सूर्यकुमार का KKR जाना बिल्कुल संभव है। उनका मानना है कि KKR को भविष्य के लिए एक अनुभवी कप्तान की जरूरत है और सूर्यकुमार इस भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प हो सकते हैं।
सोशल मीडिया एक्टिविटी से बढ़ीं अटकलें
हाल ही में सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर कुछ समय के लिए मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया था। हालांकि उन्होंने बाद में दोबारा टीम को फॉलो कर लिया, लेकिन इस घटना के बाद उनके फ्रेंचाइजी छोड़ने की चर्चाएं तेज हो गईं। सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे MI के साथ रिश्तों में खटास का संकेत माना।
IPL 2026 रहा निराशाजनक
आईपीएल 2026 सूर्यकुमार यादव के लिए बेहद निराशाजनक रहा। खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें भारत की टी20 टीम की कप्तानी से भी हटाया गया और आयरलैंड, इंग्लैंड तथा एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय टीम में भी जगह नहीं मिली।
KKR को मिल सकता है नया कप्तान
उथप्पा का मानना है कि KKR आगामी सीजन में अपनी कप्तानी में बदलाव कर सकती है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी, जबकि उपकप्तान रिंकू सिंह भी अभी पूरी तरह नेतृत्व के लिए तैयार नजर नहीं आते। ऐसे में सूर्यकुमार यादव टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं।
गंभीर-सूर्या की फिर बन सकती है जोड़ी
रॉबिन उथप्पा ने यह भी कहा कि 2027 वनडे विश्व कप के बाद अगर गौतम गंभीर भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद छोड़ते हैं तो वह दोबारा KKR में मेंटर या हेड कोच के रूप में लौट सकते हैं। ऐसे में सूर्यकुमार यादव कप्तान और गौतम गंभीर मेंटर के रूप में एक बार फिर KKR की कमान संभालते नजर आ सकते हैं।
उथप्पा ने कहा, 'मेरे हिसाब से सूर्यकुमार KKR जा सकते हैं। अगर भविष्य में गौतम गंभीर भी KKR लौटते हैं तो सूर्यकुमार कप्तान और गंभीर मेंटर की जोड़ी फिर से देखने को मिल सकती है।' हालांकि, फिलहाल यह केवल रॉबिन उथप्पा की व्यक्तिगत भविष्यवाणी है। मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स या सूर्यकुमार यादव की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।