स्पोर्ट्स डेस्क : पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर सुपर 8 में जगह बनाने वाली श्रीलंका टीम को बड़ा झटका लग सकता है। तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग की संदिग्ध चोट के कारण अपना पहला ओवर पूरा किए बिना मैदान छोड़कर बाहर चले गए।
हालांकि श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अगर चोट गंभीर निकली तो टीम को टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में बड़ा नुकसान हो सकता है।
कैसे लगी चोट?
23 वर्षीय पथिराना अपने पहले ओवर की चौथी गेंद डालने के बाद फॉलो-थ्रू में अचानक लंगड़ाते नजर आए। उन्होंने तुरंत अपने बाएं पैर को पकड़ा और मैदान पर गिर पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सहारे से मैदान से बाहर ले जाया गया। उनके ओवर को कप्तान दासुन शनाका ने पूरा किया।
श्रीलंका पहले ही वानिंदु हसरंगा की चोट के कारण बिना खेले मैदान में उतरी थी। ऐसे में पथिराना की चोट टीम के लिए दूसरी बड़ी चिंता बन सकती है।
मैच का हाल
टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श (54) और जॉश इंग्लिस (27) ने अहम रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 181 रन पर सिमट गई। दुशान हेमंता (3/37) और दुश्मांता चमीरा (2/36) ने शानदार गेंदबाजी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए
पथुम निसंका ने नाबाद 100 रन बनाए, कुसल मेंडिस ने 51 रन जोड़े; श्रीलंका ने 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया
ग्रुप की स्थिति
श्रीलंका तीन जीत और जिम्बाब्वे दो जीत के साथ शीर्ष 2 में हैं। ऑस्ट्रेलिया एक जीत और दो हार के साथ तीसरे स्थान पर है। यदि जिम्बाब्वे आयरलैंड को हरा देता है तो ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।