खेल डैस्क : आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में महेंद्र सिंह धोनी शीर्ष पर हैं। धोनी ने आरसीबी के खिलाफ 50 छक्के लगाए हैं, जो इस मामले में रिकॉर्ड है। उनके बाद डेविड वार्नर 44 छक्कों के साथ दूसरे और केएल राहुल 43 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। आंद्रे रसेल और रोहित शर्मा ने संयुक्त रूप से 38-38 छक्के लगाए हैं। अब इस लिस्ट में ईशान किशन की भी एंट्री हो गई है। ईशान किशन 32 छक्के लगा चुके हैं। ईशान ने यह उपलब्धि केवल 14 मैच खेलकर हासिल की थी। इसके साथ ही उन्होंने जोस बटलर और कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड बराबर कर लिया है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि आरसीबी के गेंदबाजों को इन आक्रामक बल्लेबाजों के सामने कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है।
प्लेयर ऑफ द मैच ईशान किशन ने कहा कि जब आप पहले बल्लेबाजी करने उतरते हैं और दोनों ओपनर अच्छी लय में दिख रहे होते हैं, तो यह आपकी जिम्मेदारी होती है कि आप लय बनाए रखें। जिस क्षण मैंने अभिषेक और हेड को इस तरह से खेल की शुरुआत करते देखा, मुझे लगा कि यह बहुत अच्छा विकेट है और हमें कम से कम 200 रन बनाने होंगे। जब विकेट गिर रहे होते हैं तो आपका दृष्टिकोण बदल जाता है, लेकिन आप लय बनाए रखने की कोशिश करते हैं। इसके लिए आपको कुछ अच्छे शॉट खेलने की जरूरत होती है। जब आप अभ्यास सत्र में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं तो आपको आत्मविश्वास मिलता है।
ईशान किशन ने कहा कि मैं सिर्फ अच्छे शॉट खेलने के बारे में सोच रहा था। एक तरफ बहुत बड़ी पारी थी और कुछ अंतराल थे। कुल मिलाकर प्रदर्शन से बहुत खुश नहीं हूं। हम कुल मिलाकर और बेहतर कर सकते थे। मैं अपनी टीम के लिए और भी बहुत कुछ कर सकता था। यह सीखने का खेल है। ऐसी चीजें होती रहती हैं। आपको बस खुद पर विश्वास रखना है और कड़ी मेहनत करते रहना है।
ऐसा रहा मुकाबला
हैदराबाद ने पहले खेलते हुए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की बदौलत तेजतर्रार शुरूआत की थी। अभिषेक ने 17 गेंदों पर 34 तो ट्रेविस हेड ने 10 गेंदों पर 17 रन बनाकर। क्लासेन ने 24 तो ईशान किशन ने 48 गेंदों पर 7 चौके और पांच छक्कों की मदद से 94 रन बनाकर स्कोर 231 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी आरसीबी को कोहली और सॉल्ट ने 80 रनों की साझेदारी दी। सॉल्ट ने एक छोर संभालकर 32 गेंदों पर 62 रन बनाए। आरसीबी का मध्यक्रम लड़खड़ा गया। पुछल्ले बल्लेबाज दबाव में आकर बिखर गए और आरसीबी को 42 रन से हार झेलनी पड़ी।