Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: Pat Cummins की चोट ने Sunrisers Hyderabad की चिंता बढ़ा दी है। टीम के कप्तान कमिंस अपनी पीठ की चोट के अंतिम स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक यह स्कैन पहले से तय था। अब उनके IPL 2026 में आगे खेलने पर अंतिम फैसला मेडिकल रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा।

कम से कम तीन मैच मिस करेंगे

रिपोर्ट के अनुसार Cricket Australia कमिंस की फिटनेस पर अंतिम फैसला करेगा। अगर सब कुछ ठीक रहता है तो वह 17 अप्रैल के आसपास टीम से जुड़ सकते हैं। ऐसे में वह लखनऊ, पंजाब और राजस्थान के खिलाफ होने वाले कम से कम तीन मैच नहीं खेल पाएंगे।

कमिंस ने पहले ही दिया था फिटनेस अपडेट

कमिंस ने पहले अपनी चोट को लेकर कहा था, 'मैं अभी पीठ की चोट से उबर रहा हूं, लेकिन स्थिति पहले से बेहतर है और मैं नेट्स में गेंदबाजी कर रहा हूं।' उन्होंने कहा, 'हमने एक प्लान बनाया है ताकि टूर्नामेंट के बीच तक मैं पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी कर सकूं।'

टीम की कप्तानी ईशान किशन संभाल रहे

कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी ईशान किशन कर रहे हैं, जबकि अभिषेक शर्मा उपकप्तान की भूमिका में हैं। टीम ने सीजन के पहले मैच में हार झेली थी, लेकिन दूसरे मैच में शानदार जीत दर्ज की। ऐसे में टीम संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

विदेशी तेज गेंदबाजी पहले से कमजोर

SRH की विदेशी तेज गेंदबाजी पहले से ही कमजोर नजर आ रही है। ब्रायडन कार्स चोटिल हैं, जबकि पिछले मैच में इम्पैक्ट प्लेयर मलिंगा ने दो विकेट लिए थे। वहीं रिप्लेसमेंट खिलाड़ी डेविड पेन अभी लय में नहीं दिखे हैं, जिससे टीम की गेंदबाजी चिंता का विषय बनी हुई है।