Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : Sunrisers Hyderabad ने IPL 2026 के प्लेऑफ में शानदार अंदाज में एंट्री कर ली है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने Chennai Super Kings को पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ का टिकट पक्का किया। इस जीत के बाद SRH कप्तान Pat Cummins ने मैच विनिंग पारी खेलने वाले Ishan Kishan की जमकर तारीफ की।

ईशान किशन ने खेली जिम्मेदारी भरी पारी

181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए SRH की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्दी विकेट गंवा दिया। लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए 47 गेंदों में शानदार 70 रन बनाए। उन्होंने समझदारी से स्ट्राइक रोटेट की और जरूरत पड़ने पर बड़े शॉट भी लगाए। ईशान को Heinrich Klaasen का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 47 रनों की तेज पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने SRH को जीत की तरफ पहुंचा दिया।

‘हम जिम्मेदार बल्लेबाजी के लिए मशहूर नहीं’

मैच के बाद पैट कमिंस ने कहा कि चेपॉक की पिच आसान नहीं थी और बल्लेबाजों को धैर्य दिखाना पड़ा। उन्होंने कहा, 'यह काफी संतोषजनक जीत रही। यह हमारी सामान्य बल्लेबाजी शैली से अलग था। हमें पता था कि यहां एक-दो बड़ी साझेदारियां जरूरी होंगी।'

कमिंस ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'हम जिम्मेदार बल्लेबाजी के लिए मशहूर नहीं हैं, लेकिन आज विकेट पर गेंद रुककर आ रही थी और बल्लेबाजी आसान नहीं थी। चेन्नई की टीम यहां की परिस्थितियों को बेहतर जानती है।'

ईशान किशन को दिया जीत का पूरा श्रेय

SRH कप्तान ने खास तौर पर ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दबाव में शानदार तरीके से पारी को आगे बढ़ाया। कमिंस ने कहा, 'आज जीतना सबसे जरूरी था। हमारे पास इससे बेहतर मौका नहीं हो सकता था। पहले हाफ में टीम को संभालने का पूरा श्रेय ईशान किशन को जाता है।'

प्लेऑफ में पहुंची SRH

इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 मैचों में 16 अंक हासिल कर पॉइंट्स टेबल में तीसरा स्थान मजबूत कर लिया है। अब SRH का अगला मुकाबला 22 मई को डिफेंडिंग चैंपियन Royal Challengers Bengaluru से हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में होगा।