स्पोर्ट्स डेस्क : Sunrisers Hyderabad ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराकर IPL 2026 के प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। इस शानदार जीत के बाद SRH के गेंदबाजी कोच Varun Aaron ने टीम के युवा गेंदबाज Praful Hinge और Sakib Husain की जमकर तारीफ की।
‘भारत के लिए खेलने का सपना उन्हें खास बनाता है’
वरुण आरोन ने कहा कि दोनों युवा खिलाड़ी सीखने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और भारत के लिए खेलने का सपना देखते हैं। उन्होंने कहा, 'प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन को काफी श्रेय जाता है क्योंकि दोनों में सीखने की जबरदस्त भूख है और उनका लक्ष्य भारत के लिए खेलना है।' उन्होंने आगे कहा, 'जब युवा खिलाड़ियों में ऐसा जुनून होता है तो मेहनत और समर्पण अपने आप आ जाता है। दोनों ने सिर्फ टूर्नामेंट के दौरान ही नहीं, बल्कि IPL शुरू होने से पहले भी काफी मेहनत की।'
IPL से पहले लगे स्पेशल कैंप
आरोन ने खुलासा किया कि SRH ने इन युवा गेंदबाजों के लिए IPL से लगभग दो महीने पहले विशेष ट्रेनिंग कैंप आयोजित किए थे। इन कैंप्स में गेंदबाजी के अलग-अलग पहलुओं पर काम किया गया। उन्होंने कहा, 'सबसे खास बात यह रही कि दोनों सीखने के लिए पूरी तरह खुले थे और अब उनकी मेहनत का नतीजा मैदान पर दिखने लगा है।'
चेपॉक में दिखा युवा गेंदबाजों का दम
चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में दोनों गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। साकिब हुसैन ने खतरनाक बल्लेबाज उर्विल पटेल का विकेट लिया, जबकि साकिब और प्रफुल दोनों ने दो-दो विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत SRH ने CSK को 180/7 के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद Ishan Kishan ने 70 रन की मैच विनिंग पारी खेली, जबकि Heinrich Klaasen ने 47 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
क्लासेन की भी हुई जमकर तारीफ
वरुण आरोन ने हेनरिक क्लासेन की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस सीजन फिनिशर की भूमिका शानदार तरीके से निभाई है। आरोन ने कहा, 'पिछले सीजन हमारी सबसे बड़ी समस्या यह थी कि जब टॉप ऑर्डर रन नहीं बनाता था तो मैच खत्म करने में दिक्कत होती थी। लेकिन इस बार क्लासेन ने यह जिम्मेदारी शानदार तरीके से निभाई है।' उन्होंने आगे कहा, 'क्लासेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह आसानी से अपनी बल्लेबाजी का गियर बदल लेते हैं। वह एक समय रन-ए-बॉल खेलते हैं और अचानक आठ-नौ रन प्रति ओवर की रफ्तार से स्कोर करना शुरू कर देते हैं।'
प्लेऑफ में पहुंची SRH
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले Gujarat Titans और Royal Challengers Bengaluru ने अंतिम-4 में जगह बनाई थी।