Sports

नई दिल्ली : कोविड-19 महामारी के चलते वित्तीय संकट के कारण खेत पर मजदूरी करने के लिए बाध्य हुई हरियाणा की वुशु प्लेयर शिक्षा को बड़ी राहत मिली है। खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने शिक्षा के लिए 5 लाख रुपए की मदद को मंजूरी दी है। 22 साल की खिलाड़ी के लिए यह राशि पंडित दीन दयाल उपाध्याय राष्ट्रीय कल्याण कोष के जरिए मंजूर की गई।

शिक्षा ने राज्य वुशु चैम्पियनशिप में 24 स्वर्ण पदक जीते थे और वह खेल विज्ञान में बीएससी भी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मदद के लिए खेल मंत्रालय की शुक्रगुजार हैं। उन्होंने कहा- इस समय पांच लाख रुपए भेजने का काम करने के लिए खेल मंत्रालय का शुक्रिया करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।

शिक्षा ने कहा- मैं जल्द से जल्द अपनी ट्रेनिंग शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। खिलाडिय़ों की मदद करने में इतने सक्रिय मंत्री को देखकर अच्छा लगता है। मैं सभी को वादा करती हूं कि एक साल के अंदर मैं देश के लिए स्वर्ण पदक जीतूंगी।