Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है। 15 फरवरी को कोलंबो में खेले जाने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। गांगुली ने न सिर्फ इस मैच को बेहद खास बताया, बल्कि भारतीय टीम के अपने पसंदीदा टीम भी चुनी जिससे चर्चा और तेज हो गई है। 

सौरव गांगुली का भारत पर भरोसा

भारत-पाकिस्तान ग्रुप A मुकाबले पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरव गांगुली ने कहा कि पाकिस्तान के लिए भारत को हराना आसान नहीं होगा। उनके मुताबिक, मौजूदा भारतीय टीम संतुलित और मज़बूत नजर आ रही है। गांगुली ने कहा कि यह एक बड़ा वर्ल्ड कप मैच है और ऐसे मुकाबलों में भारत का रिकॉर्ड और आत्मविश्वास दोनों ही मजबूत रहते हैं। उन्होंने टीम इंडिया को टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक टीमों में से एक बताया।

भारत के लिए गांगुली के पसंदीदा खिलाड़ी

कोलकाता में ANI से बातचीत के दौरान गांगुली ने भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों की खुलकर तारीफ की। उन्होंने अभिषेक शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन को अपने पसंदीदा खिलाड़ी बताया। गांगुली के अनुसार, ये खिलाड़ी मौजूदा टी20 फॉर्मेट में मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं और बड़े मुकाबलों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

पाकिस्तान का बदला रुख और सरकार का हस्तक्षेप 

इस मैच को लेकर पाकिस्तान की स्थिति शुरुआत में अनिश्चित रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत के खिलाफ ग्रुप-स्टेज मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया था। हालांकि, ICC द्वारा मैच स्थल बदलने की मांग खारिज किए जाने के बाद पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने हस्तक्षेप किया और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निर्देश पर टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दी गई।

ICC और बोर्ड्स के बीच अहम बातचीत

ICC ने इस विवाद को सुलझाने के लिए PCB और BCB के साथ लाहौर में उच्चस्तरीय बैठक की। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भी पाकिस्तान से अपील की कि वह वर्ल्ड कप की भावना को ध्यान में रखते हुए मैच खेले। अंततः बातचीत के बाद पाकिस्तान ने कोलंबो में भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने का फैसला किया।