गॉल : श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के 350 टेस्ट विकेट पूरे हो गए हैं। इसी के साथ ही यह भारतीय ऑलराउंडर लेफ्ट-आर्म स्पिनरों में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाला तीसरा खिलाड़ी बन गया है। इसी के साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने वाले और 350 विकेट तथा 4000 टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। जडेजा ने केशरा नुवानथा को आउट करके 350 विकेट पूरे किए।
लेफ्ट-आर्म स्पिनरों में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में रंगना हेराथ पहले स्थान पर हैं जिन्होंने 433 विकेट लिए हैं। दूसरे स्थान पर 362 विकेट के साथ डैनियल विटोरी है। इसके बाद अब 350 टेस्ट विकेट्स के साथ जडेजा हैं। चौथे स्थान पर डेरेक अंडरवुड और पांचवें पर तैजुल इस्लाम हैं जिन्होंने लेफ्ट-आर्म स्पिनर के तौर पर क्रमशः 297 और 271 विकेट झटके हैं।
लेफ्ट-आर्म स्पिनरों में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट
433 - रंगना हेराथ
362 - डैनियल विटोरी
350* - रवींद्र जडेजा
297 - डेरेक अंडरवुड
271 - तैजुल इस्लाम
कम से कम 125 टेस्ट विकेट लेने वाले सभी लेफ़्ट-आर्म स्पिनरों में, सिर्फ़ केशव महाराज का स्ट्राइक-रेट (56.4) जडेजा के 58.1 से बेहतर है।
टेस्ट क्रिकेट में 350 और उससे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय
अनिल कुंबले - 619
रविचंद्रन अश्विन - 537
कपिल देव - 434
हरभजन सिंह - 417
इस फ़ॉर्मेट में केवल दो अन्य भारतीयों ने 300 से ज्यादा विकेट लिए हैं जिसमें इशांत शर्मा और जहीर खान (दोनों के 311 विकेट) शामिल हैं।
जडेजा ने खास मुकाम हासिल किया
अपने स्पेल के दौरान जडेजा ने एक और उपलब्धि अपने नाम की। वे टेस्ट में 4000 रन और 350 विकेट का डबल पूरा करने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले कपिल देव (434 विकेट और 5,248 रन), इयान बॉथम (5,200 रन और 383 विकेट) और डेनियल विटोरी (4,531 रन और 362 विकेट) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। जडेजा के नाम अभी 38 से ज्यादा की औसत से 4,108 टेस्ट रन हैं।