Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में पंजाब किंग्स का अभियान बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। शानदार शुरुआत के बावजूद टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली PBKS 10 टीमों की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रही। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराकर चौथा स्थान हासिल किया और पंजाब की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। RR के 16 अंक रहे, जबकि PBKS 15 अंकों पर ही रुक गई।

श्रेयस अय्यर का भावुक पोस्ट वायरल

टीम के बाहर होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो और संदेश शेयर किया। इस वीडियो में उन्होंने पूरे सीजन के खास पलों को दिखाया।

श्रेयस ने पोस्ट में लिखा, 'Every run. Every moment. Every fight. This chapter closes with gratitude, and the next one begins with hunger.' यानी हर रन, हर पल और हर संघर्ष के लिए आभार। यह अध्याय खत्म हुआ, लेकिन अगली शुरुआत और ज्यादा भूख के साथ होगी। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस लगातार कप्तान की हौसलाअफजाई कर रहे हैं।

शानदार शुरुआत के बाद पटरी से उतरी PBKS

एक समय पंजाब किंग्स शानदार लय में नजर आ रही थी। टीम ने लगातार छह मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप तक जगह बना ली थी। लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन अचानक गिर गया। PBKS को लगातार छह हार झेलनी पड़ी, जिससे प्लेऑफ की दौड़ मुश्किल हो गई। हालांकि टीम ने आखिरी लीग मैच जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

बल्ले से चमके श्रेयस अय्यर

टीम के उतार-चढ़ाव के बीच श्रेयस अय्यर ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने IPL 2026 में 14 मैचों में 498 रन बनाए। श्रेयस का औसत 55.33 रहा, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 168.81 का था। इस सीजन उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 101 रन उनकी सबसे यादगार पारी रही।

अगले सीजन में वापसी का इरादा

PBKS भले ही प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी, लेकिन टीम ने कई मुकाबलों में दमदार क्रिकेट खेली। अब फ्रेंचाइजी अगले सीजन के लिए नई रणनीति के साथ वापसी की तैयारी करेगी। श्रेयस अय्यर के पोस्ट से साफ है कि टीम हार से टूटने वाली नहीं है और IPL 2027 में और मजबूत वापसी करने का लक्ष्य रखेगी।

NO Such Result Found