स्पोर्ट्स डेस्क : आईपीएल 2026 से पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टीम की तैयारियों, टीम बॉन्डिंग और सीजन के लक्ष्य को लेकर खुलकर बात की। मोहाली में टीम की नई जर्सी लॉन्च के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने ट्रॉफी जीतने का लक्ष्य साफ किया।
टीम बॉन्डिंग पर श्रेयस अय्यर का बयान
श्रेयस अय्यर ने टीम बॉन्डिंग को लेकर कहा, 'यह वह समय होता है जब हम दो महीने एक परिवार की तरह साथ रहते हैं। हम जितना ज्यादा समय साथ बिताते हैं, उतना ही एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझते हैं। अभी टीम बॉन्डिंग बनाने का सही समय है। हम ज्यादातर समय गेम रूम में FIFA और दूसरे गेम खेलते हैं। मैच की प्लानिंग एक-दो दिन पहले होती है, लेकिन मैदान के बाहर की बॉन्डिंग हमें बेहतर रिजल्ट दिलाती है।'
चोट के बाद वापसी पर श्रेयस अय्यर
अपनी चोट और वापसी को लेकर श्रेयस अय्यर ने कहा, 'चोट के बाद वापसी करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। मेरा करीब सात किलो वजन कम हो गया था और उसे वापस बढ़ाने के लिए मुझे काफी मेहनत करनी पड़ी। लेकिन मुझे चुनौतियां पसंद हैं। मुझे खुशी है कि मैंने उस मुश्किल दौर को पार किया और अब मैं गर्व के साथ टीम का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं।'
‘सरपंच साहब’ और ट्रॉफी का लक्ष्य
फैंस द्वारा दिए गए ‘सरपंच साहब’ नाम और टीम के लक्ष्य पर श्रेयस ने कहा, 'उम्मीदें काफी ज्यादा हैं और यह अच्छी बात है। मुझे चुनौती पसंद है। लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि जब भी हम मैदान पर उतरें, हमें जीतना है। मेरी नजर ट्रॉफी पर है।'
घरेलू मैचों को लेकर अर्शदीप सिंह का बयान
मुल्लांपुर में घरेलू मैचों को लेकर अर्शदीप सिंह ने कहा, 'जब आपको दबाव महसूस होता है तो यह एक सम्मान की बात होती है। जब इतने फैंस आपका समर्थन करते हैं तो बहुत अच्छा लगता है। जब लोग आपके लिए चीयर करते हैं तो ऐसा लगता है जैसे उस समय 30,000 लोग आपके साथ दौड़ रहे हों। हम इस साल अपने सभी घरेलू मैच जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।'
पंजाब किंग्स के साथ अपने सफर पर अर्शदीप सिंह
पंजाब किंग्स के साथ अपने सफर को लेकर अर्शदीप ने कहा, 'मेरा सफर शानदार रहा है। जब मैं पहली बार यहां आया था, तब उन्होंने मुझे पूरा समर्थन दिया और मेरी क्षमता दिखाई। जब किसी और टीम ने मुझ पर भरोसा नहीं किया, तब इस टीम ने मुझ पर विश्वास किया। मैं इसका बहुत आभारी हूं और लंबे समय तक इस टीम के साथ रहना चाहता हूं। मैं टीम के लिए कई ट्रॉफी जीतने का इंतजार कर रहा हूं।'
जर्सी लॉन्च इवेंट में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस जर्सी लॉन्च इवेंट में पंजाब किंग्स के CEO सतीश मेनन, चीफ कमर्शियल ऑफिसर सौरभ अरोड़ा, डायरेक्टर – स्ट्रेटजी एंड ऑपरेशंस अनुप नायर और CP PLUS के डायरेक्टर – सेल्स संजय गोगिया भी मौजूद रहे।
ट्रॉफी लक्ष्य के साथ उतरेगी पंजाब किंग्स
कप्तान श्रेयस अय्यर, स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मजबूत टीम संयोजन के साथ पंजाब किंग्स IPL 2026 में ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।