Sports

बैंकॉक : टर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड पर 17 फरवरी को खेले गए मुकाबले में राधा यादव की कप्तानी वाली भारत A टीम ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय स्पिनरों ने नेपाल को सिर्फ 78 रन पर समेट दिया। इसके बाद भारत ने लक्ष्य महज 7.5 ओवर में हासिल कर लिया।

स्पिन के जाल में फंसा नेपाल

टॉस जीतकर राधा यादव ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नेपाल की शुरुआत धीमी रही। बिंदु रावल (11) को मिन्नू मणि ने स्टंप आउट कराया। तंजुजा कंवर ने समझना खड़का (22) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। 10वें ओवर में कंवर ने दो विकेट लेकर नेपाल को झटका दिया। नेपाल 10 ओवर में 56/4 पर संघर्ष कर रहा था। मिन्नू मणि (4 ओवर, 8 रन, 2 विकेट) और तंजुजा कंवर (4 विकेट) ने मध्यक्रम को पूरी तरह तोड़ दिया। कप्तान राधा यादव ने भी दो अहम विकेट झटके। 18वें ओवर में रन आउट के साथ नेपाल की पारी 78 रन पर सिमट गई।

आसान रहा लक्ष्य का पीछा

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को शुरुआती झटका लगा जब दीपा यादव पहले ओवर में आउट हो गईं। अनुष्का शर्मा ने कुछ आकर्षक चौके लगाए, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं। इसके बाद वृंदा दिनेश ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दबाव कम किया। वृंदा दिनेश – नाबाद 39 रन (18 गेंद, 9 चौके), तेजल हसबनीस – 18 रन, भारत ने 7.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 12.1 ओवर शेष रहते मुकाबला जीत लिया। तंजुजा कंवर को चार विकेट लेने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

अंक तालिका में भारत शीर्ष पर

लगातार दूसरी बड़ी जीत के साथ भारत A ग्रुप A में +3.042 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है। भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। यदि यूएई पाकिस्तान A को हराता है तो वह शीर्ष पर रहेगा। वहीं पाकिस्तान A को शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।