स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2027 से पहले एक बड़े ट्रेड की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दो साल बाद अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (DC) में वापसी करने जा रहे हैं। वहीं टीम इंडिया के स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव दिल्ली का साथ छोड़कर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) में शामिल होंगे।
दो सीजन बाद फिर दिल्ली लौटेंगे पंत
ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए लगातार नौ सीजन खेले थे। इस दौरान उन्होंने 111 मैच खेले, जो किसी भी दिल्ली खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा हैं। 2021 में उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी गई थी। हालांकि आईपीएल 2024 के बाद उन्होंने दिल्ली का साथ छोड़ दिया था और मेगा ऑक्शन में LSG ने उन्हें 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड रकम में खरीदा था।
ट्रेड डील में क्या हुआ?
रिपोर्ट के मुताबिक इस ट्रेड के बाद ऋषभ पंत 15 करोड़ रुपये की संशोधित सैलरी पर दिल्ली कैपिटल्स में लौटेंगे। दूसरी ओर, कुलदीप यादव अपनी मौजूदा 13.5 करोड़ रुपये की सैलरी के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन जाएंगे। दोनों खिलाड़ियों का यह ट्रेड आगामी सीजन से पहले सबसे चर्चित सौदों में शामिल माना जा रहा है।
LSG के लिए नहीं चला पंत का बल्ला
आईपीएल 2026 ऋषभ पंत के लिए यादगार नहीं रहा। कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने 14 मैचों में 28.36 की औसत और 138.05 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 312 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 68 रन रहा, जो उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बनाया था।
कुलदीप यादव भी रहे फीके
दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुलदीप यादव का प्रदर्शन भी इस सीजन साधारण रहा। उन्होंने 12 मैचों में केवल 10 विकेट लिए, जबकि उनका इकॉनमी रेट 10.30 रहा। लगातार विकेट नहीं लेने के कारण उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा और अब वह नए सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में नजर आ सकते हैं।