Sports

ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार (1 अगस्त) भारत के लिए बेहद अहम दिन होने वाला है। भारतीय बॉक्सिंग दल इतिहास रचने के करीब है, क्योंकि पहली बार 10 भारतीय मुक्केबाज अलग-अलग वर्गों के फाइनल में उतरेंगे। सभी ने सेमीफाइनल जीतकर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है और अब लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना होगा।

बॉक्सिंग में 10 गोल्ड की उम्मीद

भारत की ओर से लवलीना बोरगोहैन (75 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), जैसमीन लम्बोरिया (57 किग्रा), प्रिया घांघस (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), जादुमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंद्र बरवाल (+90 किग्रा) अपने-अपने गोल्ड मेडल मुकाबलों में उतरेंगे। यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत का सबसे सफल बॉक्सिंग अभियान बन चुका है।

एथलेटिक्स में भी कई पदकों पर नजर

एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह 5000 मीटर फाइनल में उतरेंगे। उन्होंने इससे पहले 10,000 मीटर में रजत पदक जीता था। वहीं प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु थिरुमारण पुरुष ट्रिपल जंप फाइनल में भारत को पदक दिलाने की कोशिश करेंगे। पोल वॉल्ट फाइनल में देव मीणा और कुलदीप कुमार चुनौती पेश करेंगे, जबकि प्रियंका गोस्वामी महिला 10,000 मीटर रेस वॉक में पदक की दावेदार होंगी। भारत की मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम भी फाइनल में उतरेगी।

जूदो में जीत का सिलसिला जारी रखने का लक्ष्य

शुक्रवार को अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स इतिहास के पहले जूडो स्वर्ण पदक दिलाए थे। अब उन्नति शर्मा (63 किग्रा), करणजीत सिंह मान (90 किग्रा), हर्ष तोकस (81 किग्रा) और इनुंगानबी तखेल्लामबम (70 किग्रा) शनिवार को एक्शन में होंगे और पदक की उम्मीद बढ़ाएंगे।

पैरा एथलेटिक्स, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बाउल्स में भी चुनौती

पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा और शुभम जुयाल शॉटपुट F55-57 फाइनल में उतरेंगे, जबकि रमेश शनमुगम 1500 मीटर T53/54 फाइनल खेलेंगे। ट्रैक साइक्लिंग में डेविड बेकहम एलकटोहचूंगो, रोनाल्डो सिंह, रोजित सिंह, हर्षवीर सिंह सेखों और दिनेश कुमार चुनौती पेश करेंगे। लॉन बाउल्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार इंग्लैंड के खिलाफ पुरुष युगल मुकाबला खेलेंगे, जिसकी विजेता टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी।