स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-11 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 43 रनों से हराकर दमदार जीत दर्ज की। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में CSK 207 रनों पर सिमट गई।
RCB टॉप पर, CSK की तीसरी हार
इस जीत के साथ RCB ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। वहीं CSK को इस सीजन में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
डेविड का तूफान, पाटीदार-पडिक्कल ने दी मजबूत नींव
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की शुरुआत विराट कोहली (28) ने तेज अंदाज में की। इसके बाद फिल साल्ट (46) और देवदत्त पडिक्कल (50) ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
मिडिल ओवर में कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 48) और टिम डेविड (नाबाद 70) ने CSK के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए महज 35 गेंदों पर 99 रनों की नाबाद साझेदारी कर स्कोर 250 तक पहुंचा दिया। डेविड की पारी में 8 छक्के और 3 चौके शामिल रहे।
शुरुआत में ही लड़खड़ाई CSK, सरफराज की फिफ्टी बेअसर
251 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी CSK की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा दिए। जैकब डफी और भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती झटके दिए।
इसके बाद सरफराज खान ने 25 गेंदों पर 50 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन उनका विकेट गिरते ही टीम दबाव में आ गई। अंत में प्रशांत वीर (43) और जेमी ओवर्टन (37) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत दिलाने में नाकाम रहे।
गेंदबाजों ने भी निभाई अहम भूमिका
RCB के गेंदबाजों ने समय-समय पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। शुरुआती झटकों ने CSK को उबरने का मौका नहीं दिया, जिसका असर पूरे मैच में देखने को मिला।
हेड-टू-हेड में CSK आगे, लेकिन हालिया प्रदर्शन में RCB भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक IPL में 36 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें CSK ने 21 और RCB ने 14 मैच जीते हैं। हालांकि हालिया मुकाबलों में RCB का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, जिसने पिछले सीजन के दोनों मैच भी अपने नाम किए थे।
प्लेइंग XI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : फिलिप साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी
चेन्नई सुपर किंग्स : संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद