स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिलने के एक दिन बाद ही रजत पाटीदार ने अपने बल्ले से जोरदार जवाब दिया। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 में ग्वालियर चीता्स के कप्तान पाटीदार ने मालवा स्टैलियंस के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों में 65 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनकी कप्तानी पारी की बदौलत ग्वालियर चीता्स ने 51 रन से शानदार जीत दर्ज की।
शुरुआती झटकों के बाद पाटीदार ने संभाली पारी
इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में मालवा स्टैलियंस के कप्तान आशुतोष शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। ग्वालियर की शुरुआत खराब रही और टीम ने शुरुआती ओवरों में तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पारी को पटरी पर लाया।
पाटीदार ने चौकों और छक्कों की बारिश करते हुए महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी 65 रन की पारी में 6 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ग्वालियर चीता्स ने 20 ओवर में 190/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अंत में मंगेश यादव ने 17 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
मालवा स्टैलियंस की अच्छी शुरुआत, फिर बिखर गई बल्लेबाजी
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालवा स्टैलियंस ने तेज शुरुआत की और चार ओवर में 47 रन जोड़ लिए। हालांकि इसके बाद ग्वालियर के गेंदबाजों ने मैच का रुख बदल दिया। अंश यादव ने 19 गेंदों में 30 रन बनाए, जबकि राकेश ठाकुर ने 26 गेंदों पर 33 रन की पारी खेली।
ईशान अफरीदी, सौम्य पांडे और मंगेश यादव की शानदार गेंदबाजी के सामने स्टैलियंस की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 17.1 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। इस तरह ग्वालियर चीता्स ने मुकाबला 51 रन से अपने नाम कर लिया।
प्लेयर ऑफ द मैच बने पाटीदार
रजत पाटीदार को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 501 रन बनाए थे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरा खिताब दिलाया था। इसके बावजूद उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि पाटीदार लगातार अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींच रहे हैं।