Sports

खेल डैस्क : बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी फाइनल के तहत मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार भी शतक लगाने में कामयाब रहे। मुंबई द्वारा बनाए गए 374 रनों के जवाब में मध्य प्रदेश भी 500 रन तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश की ओर से यश दुबे, शुभम शर्मा भी शतक लगा चुके हैं लेकिन शनिवार का दिन रजत के नाम रहा। उन्होंने मुंबई के गेंदबाजों को विकेट के चारों ओर शॉट लगाए और अपना शतक पूरा किया। खास बात यह रही कि जब रजत ने शतक लगाया तो फैंस आरसीबी, आरसीबी के नारे लगाते सुने गए। 


मैच की बात करें तो मुंबई ने पहले खेलते हुए सरफराज खान के बड़े शतक की मदद से 374 रन बनाए थे। इस दौरान मुंबई के ओपनर यशस्वी जायसवाल के बल्ले से भी अर्धशतक निकला था। जवाब देने उतरी मध्यप्रदेश ने भी जोरदार शुरूआत की। पहले यश दुबे तो बाद में शुभम शर्मा ने शतक लगाया। मुंबई ने वापसी की कोशिश की लेकिन रजत ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। यह रजत के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का सातवां शतक है। 

पाटीदार ने आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए कई आकर्षक पारियां खेली थीं। करीब 2 साल से आईपीएल में सक्रिय रजत को इस बार टैलेंट दिखाने का मौका आरसीबी ने ही दिया था। रजत ने मौके को भुनाते हुए अपने जोरदार हिटिंग से सबको प्रभावित किया। उन्होंने सीजन में खेले गए 8 मुकाबलों 55 की औसत से 33 रन बनाए। इस दौरान रजत के बल्ले से 27 चौके और 18 छक्के भी निकले। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में शानदार शतक लगाकर आरसीबी को आगे बढ़ाने की कोशिश की थी।