Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के आगाज़ से पहले ही एक बड़ा विवाद सामने आ गया है, जिसने क्रिकेट फैंस के उत्साह पर पानी फेर दिया है। 28 मार्च को होने वाले ओपनिंग मैच के टिकट जैसे ही बिक्री के लिए आए, कुछ ही मिनटों में ‘सोल्ड आउट’ हो गए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले को लेकर जबरदस्त क्रेज था, लेकिन टिकटिंग प्रक्रिया में आई कथित गड़बड़ियों ने फैंस को निराश और गुस्से में डाल दिया है।

बुकिंग शुरू होते ही खत्म हुए टिकट

मंगलवार शाम 4 बजे जैसे ही टिकट सेल शुरू हुई, हजारों फैंस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जुट गए। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि कुछ ही मिनटों में सभी टिकट खत्म हो गए। कई यूजर्स लॉगिन के बावजूद टिकट बुक नहीं कर सके जबकि कुछ लोग पेमेंट पेज तक पहुंचे, लेकिन बुकिंग कन्फर्म नहीं हुई, इस स्थिति ने टिकटिंग सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मैच का वेन्यू और पृष्ठभूमि

यह मुकाबला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा जिसकी क्षमता लगभग 40,000 दर्शकों की है। यह वही मैदान है, जहां जून 2025 में खिताबी जश्न के दौरान भगदड़ की दर्दनाक घटना हुई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद सुरक्षा कारणों से यहां मैचों पर रोक लगा दी गई थी, और अब सख्त प्रोटोकॉल के साथ क्रिकेट की वापसी हो रही है।

टिकट कीमत और विशेष पहल

न्यूनतम कीमत: ₹3,750
अधिकतम कीमत: ₹47,000

साथ ही, RCB ने एक भावुक कदम उठाते हुए हर होम मैच में 11 सीटें उन फैंस की याद में आरक्षित रखने का फैसला किया है, जिन्होंने 2025 की भगदड़ में अपनी जान गंवाई थी। 

सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा

टिकटिंग विवाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आग लगा दी। कई यूजर्स ने अपनी नाराज़गी जाहिर करते हुए लिखा, “सेल शुरू होते ही टिकट सोल्ड आउट दिखा”, “मैं समय पर लॉगिन था, फिर भी टिकट नहीं मिला”, “पेमेंट के बाद भी कन्फर्मेशन नहीं आया”। फैंस का कहना है कि इतनी बड़ी लीग में इस तरह की तकनीकी समस्याएं स्वीकार्य नहीं हैं।

VVIP और ब्लैक मार्केट के आरोप

टिकट न मिलने के बाद कई फैंस ने गंभीर आरोप भी लगाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में टिकट पहले ही VVIP को आवंटित कर दिए गए, कुछ टिकट ब्लैक मार्केट में बेचने के लिए रोके गए, बिचौलियों द्वारा अधिक कीमत पर रीसेल की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इससे विवाद और गहरा गया है।