Sports

नॉटिंघम (इंग्लैंड) : न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 4000 रन पूरे कर लिए हैं। रवींद्र ने नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी टीम के तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। ​​तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर उनकी टीम का स्कोर 3 विकेट पर 120 रन था और वे 204 रनों की बढ़त पर थे। रवींद्र 90 गेंदों में 60 रन बनाकर नाबाद रहे जिसमें 8 चौके शामिल थे। 

न्यूजीलैंड के लिए सभी फॉर्मेट में 115 मैचों में रचिन ने 36.82 की औसत से 4,014 रन बनाए हैं। उन्होंने 125 पारियों में 10 शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर 240 रन रहा है। उन्होंने 24 टेस्ट मैचों में 44 पारियों में 48.18 की औसत से 1831 रन बनाए हैं जिसमें 5 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं; उनका बेस्ट स्कोर 240 रन है। 

उन्होंने 39 वनडे मैचों में 41.88 की औसत से 1424 रन बनाए हैं जिसमें 5 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं और उनका बेस्ट स्कोर 123* रन है। रचिन ने 52 T20I मैचों की 46 पारियों में 20.51 की औसत और 135.29 के स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए हैं जिसमें चार अर्धशतक और 69 का बेस्ट स्कोर शामिल है। 

मैच की बात करें तो NZ ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टॉम लैथम (214 गेंदों में 151 रन, 15 चौके) और डेवोन कॉनवे (224 गेंदों में 157 रन, 22 चौके और तीन छक्के) के बीच 317 रनों की साझेदारी ने कीवी टीम को 438 रनों तक पहुंचाया। कप्तान बेन स्टोक्स (4/70) ने इंग्लैंड के लिए शानदार गेंदबाजी की और वे दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज जैक्स कैलिस के बाद टेस्ट क्रिकेट में 7000 से ज्यादा रन और 250 विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। 

अपनी पहली पारी में इंग्लैंड ने 354 रन बनाए जिसमें बेन डकेट का शतक (99 गेंदों में 113 रन, 19 चौके) और जैकब बेथेल (133 गेंदों में 74 रन, नौ चौके) व हैरी ब्रूक (80 गेंदों में 58 रन, पांच चौके) के अर्धशतक मुख्य आकर्षण रहे। NZ के लिए नाथन स्मिथ (4/91) और विल ओ'रूर्के (3/53) ने बेहतरीन गेंदबाजी की। इंग्लैंड 84 रन पीछे था। न्यूजीलैंड ने 120/3 के स्कोर पर दिन का खेल खत्म किया जिसमें रचिन (60*) और डेरिल मिशेल (26*) नाबाद रहे।