लखनऊ : लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने यहां IPL मैच के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को एक बेहतरीन गेंद से आउट किया, लेकिन वह इसे ज्यादा तवज्जो नहीं देना चाहते और उन्होंने कहा कि टीम का जीत हासिल करना अधिक महत्वपूर्ण है। RCB की टीम बारिश से प्रभावित इस मैच में डकवर्थ लुईस पद्धति से 213 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी लेकिन उसकी टीम निर्धारित 19 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन ही बना पाई।
मिचेल मार्श के 111 रन की बदौलत LSG ने तीन विकेट पर 209 रन बनाए थे। प्रिंस ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए। प्रिंस ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'कोहली का विकेट लेने के बाद मुझे अच्छा लगा, लेकिन सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि हमने मैच जीत लिया। अगर मैंने विकेट लिया होता और हम हार जाते, तो इतना अच्छा नहीं लगता।' उन्होंने कहा, 'कोई भी गेंदबाज जब किसी भी तरीके से विकेट लेता है तो अच्छा लगता है। अगर परिस्थिति ऐसी होती है कि हम विकेट लेकर ही मैच जीत सकते हैं तो वही हुआ और मुझे अच्छा लग रहा है।'
प्रिंस ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 विकेट लिए हैं, जो शीर्ष पर चल रहे गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार (17) और अंशुल कंबोज (17) से केवल एक विकेट कम है। इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि उन्होंने सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से नई गेंद से गेंदबाजी करने के बारे में बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा, 'मैंने उनसे (शमी से) नई गेंद से गेंदबाजी करने के बारे में बहुत कुछ सीखा। उनकी सबसे अच्छी बात यह है कि जब भी कोई गेंदबाज गेंदबाजी कर रहा होता है तो वह मिड-ऑन या मिड-ऑफ पर खड़े होते हैं। अगर आपका साथ देने के लिए इतना अनुभवी खिलाड़ी हो तो आत्मविश्वास का स्तर अलग हो जाता है।'