स्पोर्ट्स डेस्क : पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच 19 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान एक दर्शक घायल हो गया था। प्रियांश आर्य के बल्ले से निकला एक छक्का सीधे स्टैंड में बैठे 62 वर्षीय कृष्ण चंद के चेहरे पर जा लगा, जिससे उन्हें चोट आई और खून बहने लगा।
तुरंत मिला इलाज, अब स्थिर हालत
घटना के बाद स्टेडियम के मेडिकल पॉइंट पर तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके बेटे (जो पेशे से डॉक्टर हैं) की मौजूदगी में टांके लगाए गए। फिलहाल कृष्ण चंद की हालत स्थिर है और वे तेजी से रिकवरी कर रहे हैं।
प्रीति जिंटा और प्रियांश आर्य ने दिखाई इंसानियत
घटना की जानकारी मिलते ही टीम की सह-मालकिन प्रीति जिंटा और ओपनर प्रियांश आर्य ने वीडियो कॉल के जरिए कृष्ण चंद से बात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान पंजाब किंग्स के क्रिकेट ऑपरेशंस के जीएम आशीष तुली भी कॉल में शामिल रहे, जिससे टीम की चिंता साफ झलकती है।
हेलमेट का वादा और खास निमंत्रण
वीडियो कॉल के दौरान एक भावुक पल तब आया जब प्रीति जिंटा ने कृष्ण चंद को धर्मशाला में होने वाले अगले मैच के लिए खास तौर पर आमंत्रित किया। उन्होंने यह भी वादा किया कि अगली बार जब वे मैच देखने आएंगे, तो उनके लिए हेलमेट तैयार रखा जाएगा, ताकि वे सुरक्षित तरीके से मैच का आनंद ले सकें।
PBKS का शानदार प्रदर्शन जारी
इस सीजन श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स बेहतरीन फॉर्म में है। टीम 8 मैचों में सिर्फ एक हार के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। अब टीम का अगला मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खेला जाएगा।