Sports

होबार्ट : ऑस्ट्रेलिया के हाथों तीसरे और आखिरी वनडे में 185 रन से शर्मनाक हार के बाद भारत की युवा सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने स्वीकार किया कि उनकी टीम एक भी विभाग में रणनीति पर अमल नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलिया ने अपना आखिरी वनडे खेल रही एलिसा हीली के 158 रन और बेथ मूनी के नाबाद 106 रन की मदद से सात विकेट पर 409 रन बनाए। 

जवाब में भारतीय टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर आउट हो गई जिससे तीन मैचों की श्रृंखला 0.3 से गंवा दी। प्रतिका ने मैच के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि हम एक भी विभाग में रणनीति पर अमल नहीं कर पाए।' उन्होंने कहा, 'गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन बल्लेबाजों ने कुछ असाधारण शॉट खेले। हमने वापसी की कोशिश की लेकिन असफल रहे। बल्लेबाजी में भी अच्छी शुरूआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल पाए।' 

प्रतिका ने कहा कि टीम को टेस्ट से पहले आत्ममंथन करना होगा। उन्होंने कहा, 'हमें अच्छा सबक मिला है और हमें सीखना होगा लेकिन हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है। हम आत्ममंथन करके टेस्ट मैच में बेहतर वापसी करेंगे।' भारत और आस्ट्रेलिया छह मार्च से पर्थ में गुलाबी गेंद का टेस्ट खेलेंगे जिसके जरिए प्रतिका इस प्रारूप में पदार्पण कर सकती है। उन्होंने कहा, 'यह मेरा पहला टेस्ट होगा अगर मुझे मौका मिलता है। मैं काफी रोमांचित हूं क्योंकि टेस्ट क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ प्रारूप है।'