Sports

माराकेश (मोरक्को) : भारत की प्रणवी उर्स सोमवार को यहां लेडीज यूरोपीय टूर (एलईटी) के अंतिम क्वालीफायर के दूसरे दौर में 4 अंडर 68 के स्कोर से संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर चल रही हैं। दो दौर के बाद प्रणवी का कुल स्कोर 9 अंडर है। उन्होंने पहले दौर में अल मादेन कोर्स पर 68 का स्कोर बनाया था। प्रणवी ने दूसरा दौर रॉयल गोल्फ डि माराकेश कोर्स पर खेला। सिंगापुर की शेनन टेन ने भी 68 का स्कोर बनाया और वह प्रणवी के साथ संयुक्त रूप से 5वें स्थान पर चल रही हैं।


प्रणवी और शेनन मैक्सिको की फर्नांडा लिरा से तीन शॉट पीछे हैं जो दूसरे दौर में 71 के स्कोर से कुल 12 अंडर के स्कोर के साथ शीर्ष पर चल रही हैं। लिरा ने पहले दिन 62 के स्कोर से महिलाओं के कोर्स का रिकॉर्ड बनाया था। नेहा त्रिपाठी दूसरे दौर में छह अंडर 67 के स्कोर से तीन अंडर के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 25वें स्थान पर चल रही हैं।


वाणी कपूर (73 और 70) संयुक्त 37वें, त्वेसा मलिक (74 और 70) संयुक्त 51वें, अमनदीप द्राल 75 और 70) संयुक्त 63वें, रिद्धिमा दिलावरी (74 और 72) संयुक्त 77वें, अवनी प्रशांत (76 और 71) संयुक्त 85वें, जैस्मिन शेखर (75 और 74) संयुक्त 105वें, सहर अटवाल (77 और 74) संयुक्त 119वें, स्नेहा सिंह (83 और 72) संयुक्त 141वें, अनन्या दतार (80 और 79) संयुक्त 148वें और दुर्गा नित्तुर (80-81) संयुक्त 150वें स्थान पर चल रही हैं। चार दौर के बाद शीर्ष 65 और टाई पर रहने वाली खिलाड़ी अंतिम दौर में जगह बनाएंगी।