Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में SRH को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संघर्ष करना पड़ा। हार के बावजूद कप्तान पैट कमिंस ने अपनी टीम का समर्थन किया और खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की।

वैभव सूर्यवंशी की पारी ने बदल दिया मैच: कमिंस

मैच के बाद पैट कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि छोटी-सी गलती भी भारी पड़ गई। कमिंस ने कहा, 'वैभव ने शानदार बल्लेबाजी की। विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छा था, लेकिन इस तरह के मैचों में फर्क बहुत छोटा होता है। अगर हमारी यॉर्कर थोड़ी भी चूक जाए तो वह मौका नहीं छोड़ते।'

युवा खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की भी सराहना

SRH कप्तान ने टीम के युवा गेंदबाजों और कोचिंग स्टाफ की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस सीजन टीम ने कई नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया। कमिंस ने कहा, 'हम एक संतुलित टीम हैं। प्रफुल और साकिब ने शानदार प्रदर्शन किया। प्लेऑफ में पहुंचने वाली सबसे युवा टीमों में हम शामिल रहे और कोचिंग स्टाफ ने कई नए सितारे खोजे हैं।'

लक्ष्य का पीछा करते समय गंवाए अहम विकेट

245 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ट्रैविस हेड ने 17 और ईशान किशन ने 33 रन बनाए। टीम लगातार विकेट गंवाती रही और दबाव से बाहर नहीं निकल सकी। कमिंस ने कहा, 'इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए कई चीजों का सही होना जरूरी था, लेकिन हमने गलत समय पर विकेट गंवा दिए। हम टॉप-2 में पहुंचने से बस थोड़ा दूर रह गए, लेकिन लड़कों की मेहनत पर शक नहीं किया जा सकता।'

राजस्थान रॉयल्स की धमाकेदार बल्लेबाजी

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में 50 और कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन बनाए। जवाब में SRH की टीम 20 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई। नीतीश कुमार रेड्डी ने 20 गेंदों में 38 रन और सलील अरोड़ा ने 21 गेंदों में 35 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने शुरुआती झटके दिए और अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन के विकेट हासिल किए। इसके अलावा नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा, रविंद्र जडेजा और यश राज पुंजा ने भी विकेट लिए। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है, जहां उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। यह मैच 29 मई को खेला जाएगा।

NO Such Result Found