Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान के लेग स्पिनर Usman Qadir ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से टीम के बाहर होने के कुछ ही घंटों बाद अपने संन्यास से यू-टर्न ले लिया है। 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले कादिर ने अब दोबारा वापसी का ऐलान करते हुए खुद को सभी फॉर्मेट के लिए उपलब्ध बताया है।

पाकिस्तान ने सह-मेजबान श्रीलंका को 5 रन से हराया जरूर, लेकिन न्यूजीलैंड के बेहतर नेट रन रेट (NRR) के कारण सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका।

सोशल मीडिया पर किया ऐलान

1 मार्च की तड़के उस्मान कादिर ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि गहन विचार और ऑस्ट्रेलिया में सफल प्रदर्शन के बाद उन्होंने तुरंत प्रभाव से अपना संन्यास वापस लेने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में बिताया गया समय उनके लिए काफी अहम रहा और वहां 41 विकेट लेकर उन्होंने साबित किया कि उनका प्रतिस्पर्धी जज्बा अभी भी बरकरार है।

पारिवारिक विरासत का जिक्र

उस्मान कादिर पाकिस्तान के दिग्गज स्पिनर Abdul Qadir के बेटे हैं। अब्दुल कादिर ने पाकिस्तान के लिए टेस्ट और वनडे में कुल 368 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए थे।

उस्मान ने कहा, 'क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ खेल नहीं, बल्कि पारिवारिक विरासत है। पिता के योगदान को देखते हुए देश के लिए खेलना मेरी जिम्मेदारी है।' उन्होंने आगे कहा कि वह पूरी मेहनत के साथ दोबारा टीम में जगह बनाने के लिए तैयार हैं।

उस्मान कादिर का टी20I रिकॉर्ड

टी20I डेब्यू: 2020 बनाम जिम्बाब्वे
कुल मैच: 25
विकेट: 31
औसत: 18.48
आखिरी टी20I: एशियन गेम्स 2023 बनाम बांग्लादेश

उन्होंने 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे डेब्यू भी किया था, लेकिन उसके बाद दोबारा मौका नहीं मिला। फिलहाल वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की किसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा भी नहीं हैं। टीम में पहले से अबरार अहमद और उस्मान तारिक जैसे स्पिनर मौजूद हैं, ऐसे में उनकी वापसी की राह आसान नहीं होगी।