स्पोर्ट्स डेस्क : मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में वॉशिंगटन फ्रीडम और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच खेला गया मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में शामिल हो गया। आखिरी गेंद पर जीत के लिए पांच रन चाहिए थे और निखिल चौधरी ने शानदार छक्का लगाकर वॉशिंगटन फ्रीडम को अविश्वसनीय जीत दिला दी। इस रोमांचक मुकाबले में टेक्सास के स्पिनर अकील होसैन ने अंतिम ओवर में हैट्रिक लेकर मैच का रुख पलटने की कोशिश की, लेकिन उनकी शानदार गेंदबाजी भी टीम को हार से नहीं बचा सकी।
टेक्सास सुपर किंग्स ने बनाए 185 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टेक्सास सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 185 रन बनाए। टीम को साईतेजा मुक्कामल्ला (37) और राइली रुसो (34) ने तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद वियान मुल्डर ने 20 गेंदों में नाबाद 43 रन और डोनोवन फरेरा ने 20 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वॉशिंगटन फ्रीडम की ओर से निखिल चौधरी सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने दो विकेट झटके।
मिचेल ओवेन ने अकेले संभाली रनचेज
186 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही, लेकिन मिचेल ओवेन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में 77 रन ठोके, जिसमें सात चौके और छह छक्के शामिल रहे। कप्तान स्टीव स्मिथ ने भी 30 रनों का योगदान दिया, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से मुकाबला फिर टेक्सास सुपर किंग्स की पकड़ में आता दिखा।
अकील होसैन की हैट्रिक ने पलटा मैच का रोमांच
आखिरी ओवर में वॉशिंगटन को जीत के लिए छह रन चाहिए थे और उसके हाथ में पर्याप्त विकेट थे। तभी अकील होसैन ने लगातार तीन बल्लेबाजों को आउट कर मुकाबले का पूरा रोमांच बदल दिया। उन्होंने पहले दूसरी गेंद पर मार्को यानसेन को पवेलियन भेजा, फिर अगली गेंद पर अमिला अपोंसो को आउट किया। इसके बाद साईतेजा मुक्कामल्ला की शानदार स्टंपिंग की मदद से आसिफ महमूद को चलता कर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। अचानक वॉशिंगटन की आसान दिख रही जीत मुश्किल में बदल गई।
निखिल चौधरी ने आखिरी गेंद पर दिलाई यादगार जीत
अंतिम गेंद पर वॉशिंगटन फ्रीडम को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर मौजूद निखिल चौधरी ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी का परिचय देते हुए मिडविकेट के ऊपर से लंबा छक्का जड़ दिया। इस एक शॉट के साथ वॉशिंगटन फ्रीडम ने रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया। अकील होसैन की शानदार हैट्रिक बेकार चली गई, जबकि निखिल चौधरी अपनी ऑलराउंड प्रदर्शन और मैच जिताऊ छक्के के चलते जीत के सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे।