स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच 14 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। हालांकि उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह नहीं चाहते कि कोहली इस सीरीज में रन बनाएं, लेकिन साथ ही उन्हें क्रिकेट का सबसे प्रेरणादायक खिलाड़ियों में से एक भी बताया।
RCB में साथ खेलने का अनुभव किया साझा
मैकुलम ने आईपीएल 2018 के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में विराट कोहली के साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा कि वह एक शानदार टीममेट और बेहद प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे RCB में एक साल विराट के साथ खेलने का मौका मिला। ड्रेसिंग रूम साझा किया और उन्हें करीब से जानने का अवसर मिला। वह बेहद प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं और मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देते हैं। वह पूरे दिल से क्रिकेट खेलते हैं और बेहतरीन क्रिकेटर हैं।'
'विराट की विरासत हमेशा जिंदा रहेगी'
इंग्लैंड के कोच ने कहा कि विराट कोहली सिर्फ क्रिकेटर नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणा हैं।
मैकुलम ने कहा, 'उन्होंने कई पीढ़ियों को क्रिकेट से प्यार करना सिखाया है। वह उन खिलाड़ियों में हैं जिन्होंने खेल की सीमाओं को पार किया है। वह सिर्फ भारत या क्रिकेट के नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग खेलों के लिए भी एक सुपरस्टार हैं। जब उनका क्रिकेट करियर खत्म होगा, तब भी उनकी विरासत लंबे समय तक जीवित रहेगी।'
चोट के बाद वनडे टीम में वापसी
विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे। उन्हें यह चोट IPL 2026 फाइनल के दौरान लगी थी। अब वह इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे से टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं और उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
इंग्लैंड में बड़ा रिकॉर्ड बनाने के करीब विराट
विराट कोहली इंग्लैंड की सरजमीं पर भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से सिर्फ 68 रन दूर हैं। फिलहाल राहुल द्रविड़ (648), सचिन तेंदुलकर (639) और एमएस धोनी (613) उनसे आगे हैं, जबकि विराट के नाम 581 रन दर्ज हैं।
धोनी का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं
भारत-इंग्लैंड वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी विराट इतिहास रच सकते हैं। उनके नाम फिलहाल 1,397 रन हैं। इस सूची में एमएस धोनी (1,546), युवराज सिंह (1,523) और सचिन तेंदुलकर (1,455) उनसे आगे हैं। अगर विराट इस सीरीज में 150 रन बना लेते हैं तो वह धोनी को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच जाएंगे।
विदेशी सरजमीं पर 8000 ODI रन से सिर्फ 70 रन दूर
विराट कोहली विदेशी या न्यूट्रल वेन्यू पर 8,000 वनडे रन पूरे करने से केवल 70 रन दूर हैं। ऐसा करने वाले वह दुनिया के आठवें बल्लेबाज बन जाएंगे। इस सूची में फिलहाल सचिन तेंदुलकर, सनथ जयसूर्या, कुमार संगकारा, इंजमाम-उल-हक, महेला जयवर्धने, रिकी पोंटिंग और सौरव गांगुली शामिल हैं।
बर्मिंघम में शानदार रिकॉर्ड
पहला वनडे एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेला जाएगा, जहां विराट का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने यहां 7 पारियों में 335 रन बनाए हैं। उनका औसत 111.66 और स्ट्राइक रेट 107.02 है। हालांकि यहां अभी तक वह शतक नहीं लगा सके हैं, लेकिन उनके नाम तीन अर्धशतक दर्ज हैं। इस मैदान पर भारत की ओर से सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा (447 रन) हैं।