Sports

खेल डैस्क : पेरिस ओलंपिक 2024 खत्म हो गया है। जिसमें भारत ने 6 मैडल जीते हैं। इसमें स्टार शूटर मनु भाकर ने अकेले 2 ब्रॉन्ज मेडल दिलाए। जबकि जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) में नीरज चोपड़ा ने एकमात्र सिल्वर मेडल दिलाया।  इसके बाद नीरज का मनु भाकर की मां के साथ एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में मनु की मां नीरज से कुछ कहती दिख रही हैं। इस दौरान मनु की मां नीरज का हाथ अपने सिर पर रखे हुए भी नजर आती है। जैसे वह उससे कोई वादा ले रही हों। वीडियो बाहर आने के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहें शुरू हो गई कि मनु भाकर और नीरज चोपड़ा जल्द शादी कर सकते हैं।

 


लेकिन अब मनु भाकर ने खुद ही आकर एक टीवी को दिए इंटरव्यू में इससे इंकार कर दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है जैसा सुनने में आ रहा है। मां ने नीरज से क्या कहा था? इस सवाल पर मनु ने कहा कि मुझे ज्यादा नहीं पता, मैं वहां नहीं थी। पर 2018 से हम मिलते आ रहे हैं कभी किसी इवेंट में तो कभी किसी कंपीटिशन में। वैसे ही हमारे बीच ज्यादा बात तो नहीं होती है लेकिन कुछ इवेंट्स में हमें मौका मिल जाता है। बस वहीं, पर थोड़ी बहुत बातचीत होती है। मगर ऐसा तो कुछ नहीं है जो सुनने में आ रहा है। 

 

 

इससे पहले मनु भाकर के पिता राम किशन भी नीरज चोपड़ा और उनकी बेटी की शादी को लेकर चल रही खबरों पर विराम लगा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि मनु अभी तो काफी छोटी है। फिलहाल वह शादी करने के लायक नहीं हुई हैं। हमने अभी तक उसके लिए ऐसा कुछ सोचा भी नहीं है। अपनी पत्नी सुमेधा भाकर और गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा के बीच बातचीत पर राम किशन ने कहा, देखिए ऐसा है कि मनु की मां, नीरज चोपड़ा को भी अपने बेटे के जैसा ही मानती हैं। इसी नाते दोनों के बीच उस दिन बातें हो रही थी। उन्होंने नीरज से कहा कि वो इस खेल को अभी काफी कुछ दे सकते हैं। ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतना भी बहुत बड़ी बात होती है। आप मनु की तरह खेल को छोड़ने का ख्याल भी मन में मत लाइएगा।