स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय बल्लेबाज Cheteshwar Pujara का मानना है कि हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह न मिलने से Shubman Gill और ज्यादा प्रेरित होंगे और IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गिल इस सीजन में अपनी टीम को चैंपियन बनाने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।
गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने पर रहेगा फोकस
Gujarat Titans की टीम IPL 2025 में एलिमिनेटर तक पहुंची थी, लेकिन फाइनल में नहीं पहुंच पाई। अब टीम IPL 2026 में दूसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी। पुजारा का मानना है कि गिल पिछले साल की कमी को इस बार पूरा करना चाहेंगे।
स्ट्राइक रेट पर काम कर रहे हैं गिल
पुजारा ने कहा, 'टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह न मिलना शुभमन गिल को और ज्यादा मोटिवेट करेगा। वह तीनों फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं। अगर वह IPL 2026 में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वह फिर से भारत की टी20 टीम में जगह बना सकते हैं। उन पर थोड़ा दबाव जरूर होगा, लेकिन यह उनके लिए बड़ा मौका भी है। उन्हें अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार बढ़ानी होगी और 150 से 160 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने होंगे।'
आशीष नेहरा के साथ काम करना अशोक शर्मा के लिए बड़ा मौका
पुजारा ने गुजरात टाइटंस के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले अशोक शर्मा को इस सीजन में डेब्यू का मौका मिल सकता है। उन्होंने कहा कि आशीष नेहरा जैसे कोच के साथ काम करना किसी भी युवा गेंदबाज के लिए बड़ा अवसर है।
प्लेइंग XI में जगह को लेकर क्या बोले पुजारा
पुजारा के अनुसार, 'सीजन की शुरुआत में अशोक शर्मा को प्लेइंग XI में जगह मिलना मुश्किल हो सकता है क्योंकि टीम में प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा जैसे तेज गेंदबाज हैं। लेकिन अगर टीम कॉम्बिनेशन बदलती है और जेसन होल्डर को शामिल किया जाता है, तो अशोक शर्मा को मौका मिल सकता है।'
गुजरात टाइटंस की ताकत और कमजोरी
पुजारा ने गुजरात टाइटंस को इस सीजन का खिताब जीतने का बड़ा दावेदार बताया। उन्होंने कहा कि टीम का टॉप ऑर्डर सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा, 'शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर का टॉप ऑर्डर शानदार है। ये तीनों खिलाड़ी लगातार रन बनाते हैं। टीम में कई ऑलराउंडर हैं और जेसन होल्डर के आने से टीम और मजबूत हो गई है। राहुल तेवतिया टीम के मुख्य फिनिशर होंगे, जबकि शाहरुख खान भी अहम खिलाड़ी हैं।'
गेंदबाजी भी टीम की बड़ी ताकत
पुजारा ने कहा कि गुजरात की तेज गेंदबाजी भी काफी मजबूत है। 'कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा टीम के मुख्य तेज गेंदबाज हैं। ईशांत शर्मा भी टीम में हैं। अशोक शर्मा को भी सीजन में मौका मिल सकता है। ल्यूक वुड भी अच्छे गेंदबाज हैं। अगर रबाडा अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो टीम और खतरनाक बन जाएगी।'
खिताब की प्रबल दावेदार है गुजरात टाइटंस
पुजारा का मानना है कि मजबूत बल्लेबाजी, ऑलराउंडर और तेज गेंदबाजी के कारण गुजरात टाइटंस IPL 2026 की सबसे मजबूत टीमों में से एक है और खिताब जीतने की बड़ी दावेदार है।