Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से ठीक पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना पूरी तरह फिट घोषित कर दिए गए हैं और टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। पथिराना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेल चुके हैं। हाल के महीनों में चोट से जूझ रही KKR के लिए यह अपडेट किसी वरदान से कम नहीं है। टीम का तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण कमजोर दिख रहा था, ऐसे में पथिराना की वापसी से संतुलन और आत्मविश्वास दोनों को मजबूती मिलेगी।

श्रीलंका क्रिकेट ने दी हरी झंडी

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि पथिराना ने अपनी चोट से उबरने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। बोर्ड के सचिव बंदुला दिसानायके ने साफ किया कि खिलाड़ी फिट है और उसे IPL में खेलने के लिए NOC दे दिया गया है। हालांकि, अंतिम फिटनेस का आकलन फ्रेंचाइज़ी करेगी, लेकिन फिलहाल यह तय है कि पथिराना टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहेंगे।

चोट के बाद उठे थे सवाल

T20 वर्ल्ड कप के दौरान पिंडली की चोट के कारण पथिराना की फिटनेस को लेकर संदेह बना हुआ था। यह चोट KKR के लिए चिंता का बड़ा कारण बन गई थी, क्योंकि टीम पहले ही कई गेंदबाज़ी विकल्पों की कमी से जूझ रही थी। ऐसे में उनका समय पर फिट होना टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।

KKR की गेंदबाजी यूनिट को मजबूती

IPL 2026 शुरू होने से पहले KKR की पेस अटैक कमजोर नजर आ रही थी। हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हैं, जबकि मुस्तफिजुर रहमान टीम का हिस्सा नहीं हैं। इन परिस्थितियों में पथिराना की वापसी बेहद अहम हो जाती है। फ्रेंचाइजी ने विकल्प के तौर पर जिम्बाब्वे के तेज़ गेंदबाज़ ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया है, जबकि आकाश मधवाल और नवदीप सैनी जैसे घरेलू खिलाड़ियों को भी आजमाया जा रहा है। फिर भी, पथिराना का अनुभव और खासकर डेथ ओवरों में उनकी काबिलियत टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकती है।

‘बेबी मलिंगा’ की खास पहचान

मथीशा पथिराना अपने अनोखे स्लिंगी एक्शन और यॉर्कर डालने की क्षमता के कारण “बेबी मलिंगा” के नाम से मशहूर हैं। उन्होंने IPL में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और मुश्किल परिस्थितियों में विकेट निकालने की कला उन्हें बाकी गेंदबाजों से अलग बनाती है। डेथ ओवरों में उनकी सटीक लाइन-लेंथ और दबाव में शांत रहने की क्षमता KKR को कई मैच जिता सकती है। ऐसे में उनकी फिटनेस टीम की रणनीति में बड़ा बदलाव ला सकती है। 

NO Such Result Found