Sports

वाइजनहाउस ,जर्मनी ( निकलेश जैन ) फ़ीडे फ्रीस्टाइल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप 2026 का खिताब दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन  ने जीत लिया है । फाइनल मुकाबले में उन्होंने अमेरिका के फैबियानो करुआना को 2.5–1.5 से हराकर विश्व चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। चौथे और अंतिम गेम में ड्रॉ कार्लसन के लिए खिताब सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त रहा।

निर्णायक क्षण तीसरे गेम में आया, जब कार्लसन लगभग हारी हुई स्थिति से मुकाबला पलटने में सफल रहे। करुआना को तीन अलग-अलग मौकों पर जीत के अवसर मिले, लेकिन समय दबाव और जटिल स्थिति के कारण वे बढ़त को जीत में नहीं बदल सके। तीसरे गेम में बढ़त लेने के बाद कार्लसन ने अंतिम मुकाबले में संतुलित एंडगेम में ड्रॉ कर खिताब अपने नाम कर लिया।

यह 2026 संस्करण फिडे द्वारा मान्यता प्राप्त पहला आधिकारिक फ्रीस्टाइल विश्व चैम्पियनशिप था। इससे पहले कार्लसन फिडे फिशर रैंडम विश्व खिताब जीतने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन सफल नहीं हुए थे। वाइसेनहाउस में उन्होंने अपने करियर का 21वां विश्व खिताब हासिल किया और इसके साथ ही क्लासिकल , रैपिड , ब्लिट्ज और फ्रीस्टाइल के साथ शतरंज के सभी फॉर्मेट को जीत लिया है . 

तीसरा स्थान अब्दुसत्तोरोव के नाम

तीसरे स्थान के मुकाबले में उज़्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने जर्मनी के विंसेंट केमर को 2.5–1.5 से हराया, और 2027 फिडे फ्रीस्टाइल विश्व चैम्पियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया। पांचवें स्थान के लिए हुए मुकाबले में हंस नीमन ने भारत के अर्जुन एरिगैसी को 2-0 से हराया।