Sports

नई दिल्ली ( निकलेश जैन ) फ़ीडे सर्किट 2026-27 में उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने अपनी बढ़त और मज़बूत कर ली है। उन्होंने प्राग इंटरनेशनल चेस फ़ेस्टिवल मास्टर्स का खिताब जीतते हुए 23.14 सर्किट अंक अर्जित किए। यह 2026 में उनका दूसरा बड़ा खिताब है और अब वह सर्किट तालिका में दूसरे स्थान पर चल रहे नीदरलैंड के जॉर्डन वान फोरेस्ट से लगभग 20 अंकों की बढ़त बना चुके हैं। वान फोरेस्ट ने भी वाइक आन ज़ी और प्राग दोनों टूर्नामेंट में अंक हासिल किए हैं।

प्राग मास्टर्स में परहम मघसूदलू और भारत के चिथंबरम अरविंद ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम स्थान हासिल किया और इसके साथ ही दोनों खिलाड़ी सर्किट की शीर्ष दस सूची में प्रवेश करने में सफल रहे है ।

रूस के यान नेपोमनिशी  ने एरोफ़्लोट ओपन जीतकर इस सर्किट में अपना खाता खोला है । यह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उनकी लगातार दूसरी जीत रही।

वहीं आर्मेनिया के अराम हाकोबयान ने अल-बेरूनी तीसरे इंटरनेशनल शतरंज टूर्नामेंट (मास्टर्स) में जीत दर्ज की और एरोफ़्लोट ओपन में संयुक्त नौवां स्थान हासिल किया। इन परिणामों के आधार पर उन्हें कुल 12.66 सर्किट अंक मिले और वह फिलहाल तालिका में आठवें स्थान पर पहुँच गए हैं।

अमेरिका के मिखाइल एंटीपोव ने 2026 सेंट लुईस मास्टर्स जीतकर सर्किट की शीर्ष दस सूची में अपनी जगह बनाई और फिलहाल वह दसवें स्थान पर हैं।

फ़ीडे सर्किट 2026-27 के अंत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को विश्व शतरंज चैम्पियनशिप चक्र के तहत फ़ीडे कैंडिडेट में जगह बनाने का मौका मिलेगा ।