स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 के पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स ने मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश राठी को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया था। अब टीम के बॉलिंग कोच भारत अरुण ने इस फैसले के पीछे की वजह बताते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि टीम संयोजन के कारण राठी को बाहर बैठाना पड़ा, क्योंकि टीम को एक अतिरिक्त बल्लेबाज की जरूरत थी।
अतिरिक्त बल्लेबाज के कारण राठी को नहीं मिला मौका
भारत अरुण ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'राठी इस मैच में इसलिए नहीं खेले क्योंकि हमें एक अतिरिक्त बल्लेबाज की जरूरत थी। वह शानदार गेंदबाज हैं। उन्होंने पिछले सीजन हमारे लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया था और आगे चलकर वह हमारे मुख्य स्पिनरों में से एक होंगे।'
डेब्यू सीजन में किया था शानदार प्रदर्शन
दिग्वेश राठी ने अपने डेब्यू IPL सीजन में शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 विकेट लिए थे और टीम की सबसे बड़ी खोज साबित हुए थे। लेकिन IPL 2026 के पहले मैच में टीम कॉम्बिनेशन के चलते उन्हें मौका नहीं मिला। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आगे के मैचों में वह टीम के अहम स्पिनर रहेंगे।
पंत की ओपनिंग पर भी कोच ने दिया बयान
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में ऋषभ पंत ओपनिंग करने उतरे थे, जिसने सभी को चौंका दिया था। इस पर भारत अरुण ने कहा, 'रणनीतियां समय के साथ बदलती रहती हैं। हमारे टॉप-4 बल्लेबाज काफी डायनेमिक हैं और जरूरत के हिसाब से बदलाव किए जा सकते हैं। मार्श और मार्करम पिछले सीजन अच्छी ओपनिंग जोड़ी थे, लेकिन कभी-कभी टीम रणनीति के तहत बदलाव करने पड़ते हैं।'
गेंदबाजों को बनना होगा मैच विनर
भारत अरुण ने आगे कहा, 'T20 बल्लेबाजों के लिए अनुकूल फॉर्मेट है और दर्शक बड़े शॉट्स देखने आते हैं। लेकिन गेंदबाजों के लिए भी यह चुनौती और मौका है कि वे अच्छा प्रदर्शन करके हीरो बनें। बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों में गेंदबाज को अपनी क्षमता पर भरोसा रखना होता है।'