Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। इस घोषणा के साथ ही भारतीय टी20 टीम में एक नए दौर की शुरुआत हुई है। सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान बनाया गया है, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है।

हालांकि कप्तानी से हटाए जाने और टीम से बाहर किए जाने के बाद भी सूर्यकुमार यादव ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट हुआ वायरल

टी20 टीम के ऐलान के कुछ ही देर बाद सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर BCCI द्वारा जारी की गई टीम की तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'इस बेहद प्रतिभाशाली टीम को आने वाली चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं।' सूर्यकुमार ने भारतीय तिरंगे और नजरबट्टू वाले इमोजी भी पोस्ट किए। उनके इस संदेश को फैंस खेल भावना और टीम के प्रति समर्पण का शानदार उदाहरण मान रहे हैं।

क्या खत्म हो गया सूर्यकुमार का टी20 करियर?

टीम चयन को भारतीय टी20 टीम के भविष्य की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है। 35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए बल्लेबाजी लाइनअप में भी जगह नहीं मिली है। ऐसे में माना जा रहा है कि चयनकर्ता अब युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जता रहे हैं। सूर्यकुमार ने टी20 विश्व कप 2026 के दौरान 9 पारियों में 242 रन बनाए थे। हालांकि यह प्रदर्शन उनके उच्च मानकों के मुकाबले फीका माना गया।

IPL 2026 में भी नहीं चला बल्ला

टी20 विश्व कप के बाद IPL 2026 में भी सूर्यकुमार का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 13 पारियों में सिर्फ 270 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 20.76 और स्ट्राइक रेट 147.54 रहा। लगातार खराब फॉर्म ने चयनकर्ताओं को नए विकल्पों की ओर देखने के लिए मजबूर किया।

कप्तानी के लिए क्यों चुने गए श्रेयस अय्यर?

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रेयस अय्यर को कप्तानी देने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अय्यर ने पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों की सफलतापूर्वक कप्तानी की है और उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी शानदार रहा है। अगरकर ने कहा, 'श्रेयस ने पिछले कुछ वर्षों में कप्तान के तौर पर खुद को साबित किया है। उन्होंने एक खिताब जीता है और कई बार टीम को फाइनल तक पहुंचाया है। उनका प्रदर्शन भी लगातार अच्छा रहा है।'

उन्होंने यह भी बताया कि टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने की दौड़ में श्रेयस काफी करीब थे, लेकिन उस समय सूर्यकुमार की मौजूदगी के कारण उन्हें मौका नहीं मिल पाया था।

नई दिशा में बढ़ रही है भारतीय टी20 टीम

श्रेयस अय्यर की कप्तानी और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों की एंट्री से साफ है कि भारतीय क्रिकेट अब 2028 ओलंपिक और 2028 टी20 विश्व कप को ध्यान में रखकर नई टीम तैयार कर रहा है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव का यह संदेश दर्शाता है कि वह भले ही टीम का हिस्सा न हों, लेकिन भारतीय क्रिकेट की सफलता के लिए उनकी शुभकामनाएं हमेशा साथ रहेंगी।