Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का दौरा न करने के फैसले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने खुलासा किया कि टीम के खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत जाने से इनकार कर दिया। लिटन ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान में खेल सकती है तो भारत में खेलने में दिक्कत क्यों होनी चाहिए।

खिलाड़ियों की इच्छा थी वर्ल्ड कप खेलने की

लिटन दास ने बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो से बातचीत में बताया कि खिलाड़ियों को BCB अधिकारियों के साथ एक बैठक के लिए बुलाया गया था। खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि यह सामान्य चर्चा होगी, लेकिन वहां उनसे भारत में आयोजित T20 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर राय मांगी गई। उन्होंने कहा, 'हम बैठक में गए थे और हमारी सोच सिर्फ चर्चा करने की थी। जब हमसे पूछा गया कि हम क्या चाहते हैं, तो खिलाड़ियों के तौर पर हमारा जवाब साफ था कि हम खेलना चाहते हैं।'

'पाकिस्तान से ज्यादा खतरनाक क्या हो सकता है?'

लिटन ने बताया कि बोर्ड अधिकारियों ने खिलाड़ियों को कहा था कि भारत सुरक्षित नहीं है। इस पर खिलाड़ियों ने अपनी राय रखते हुए कहा कि वे पाकिस्तान में भी खेल चुके हैं, जहां सुरक्षा के लिए हथियारबंद जवान होटल के बाहर तैनात रहते थे। लिटन ने कहा, 'हमें बताया गया कि भारत सुरक्षित नहीं है। हमने जवाब दिया कि हम पाकिस्तान में भी खेल चुके हैं, जहां हमारे कमरों के बाहर बंदूकधारी सुरक्षाकर्मी खड़े रहते थे। उससे ज्यादा खतरनाक क्या हो सकता है? अगर हम पाकिस्तान में खेल सकते हैं तो भारत में क्यों नहीं?'

सुरक्षा चिंताओं के चलते टूर्नामेंट से हट गया था बांग्लादेश

वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश के भारत आने को लेकर लंबे समय तक असमंजस बना रहा। ICC और BCCI की ओर से सुरक्षा को लेकर कई आश्वासन दिए गए, लेकिन BCB अपने फैसले पर कायम रहा और अंततः टीम ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया।

पहले सार्वजनिक रूप से नहीं दिया था जवाब

जनवरी में जब इस मुद्दे पर सवाल उठे थे, तब लिटन दास ने सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्ट राय देने से बचते हुए कहा था कि स्थिति को लेकर पूरे देश में अनिश्चितता है। उन्होंने उस समय कहा था कि इस विषय पर टिप्पणी करना उनके लिए सुरक्षित नहीं होगा।

बांग्लादेश क्रिकेट के अहम चेहरों में शामिल हैं लिटन

लिटन दास पिछले एक दशक से बांग्लादेश क्रिकेट के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2015 में भारत के खिलाफ टेस्ट और उसी साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। 2018 एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ उनके शतक को करियर की सबसे यादगार पारियों में गिना जाता है। वहीं 2020 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 176 रन की पारी खेलकर उन्होंने बांग्लादेश के लिए वनडे क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी बनाया था।