Sports

कोलकाता : गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद रिंकू सिंह (नाबाद 53) और अनुकूल रॉय (नाबाद 29) रनों की पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को दो गेंदें शेष रहते राजस्थान रॉयल्स (RR) चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। यह 7 मैचों में KKR की पहली जीत है। 85 रन पर छह विकेट गंवा चुकी KKR को रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय की जोड़ी ने 19.4 ओवरों में 161 रन बनाकर चार विकेट से जीत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच 76 रनों की अविजित साझेदारी हुई।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पहली ही गेंद पर टिम साइफटर् और दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान अजिंक्या रहाणे को बिना खाता खोले ही विकेट गंवा दिये। पांचवें ओवर में KKR का तीसरा विकेट कैमरन ग्रीन 13 गेंदों में (27) रन के रूप में गिरा। सातवें ओवर में अंगकृष रघुवंशी (10) रन बना कर पवेलियन लौट गये। रोवमन पॉवेल 20 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। 14वें ओवर में रमनदीप सिंह (10) रन बनाकर छठें विकेट के रूप में आउट हुए।

संकट के समय रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने संभला और रन बटोरे और दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को टूर्नामेंट में पहली जीत दिलाई। रिंकू सिंह ने बृजेश शर्मा की गेंद पर विजयी छक्का लगाया। रिंकू सिंह ने 34 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 53 रन बनाये। वहीं अनुकूल रॉय 16 गेंदों 29 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का भी लगाया। RR के लिए रवींद्र जडेजा ने दो विकेट लिये। जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और यश पुंजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। 

इससे पहले आज यहां टॉस जीतकर RR ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़कर राजस्थान रॉल्यस को अच्छी शुरुआत दिलाई। नौवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने वैभव सूर्यवंशी को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए 46 रन बनाये। 11वें ओवर में वरुण ने ध्रुव जुरेल (पांच) का शिकार कर लिया। अगले ओवर में सुनील नारायण ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर RR को बड़ा झटका दिया। 

जायसवाल ने 29 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 39 रन बनाये। इसके बाद KKR के गेंदबाजों ने RR के लगातार विकेट झटकते हुए उनके रन बनाने पर विराम लगा दिया। कप्तान रियान पराग (12) को भी वरूण चक्रवर्ती ने आउट किया। डॉनोवन फ़रेरा (सात) का सुनील नारायण ने शिकार किया। रवींद्र जडेजा (नौ) और रवि बिश्नोई (शून्य) को कार्तिक त्यागी ने आउट किया। RR ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 155 रनों का स्कोर बनाया। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती ने तीन- तीन विकेट लिये। सुनील नारायण को दो विकेट मिले।