Sports

कोलकाता : भारत के ऑलराउंडर शाहबाज अहमद रविवार को बंगाल प्रो टी20 लीग की नीलामी के पहले दिन सबसे महंगे खिलाड़ी बने जिन्हें 'राइट टू मैच' कार्ड के जरिए 'श्राची ट्राइब्स रार टाइगर्स' ने 12.20 लाख रुपए में रिटेन किया। शाहबाज अहमद अभी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स में हैं। यह नीलामी लीग की शुरुआत के बाद पहली बार हो रही है। 

जून में शुरू होने वाले टूर्नामेंट के तीसरे सत्र से पहले नीलामी में जोरदार बोलियां लगाईं। विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को 'लक्स श्याम कोलकाता टाइगर्स' ने 10.40 लाख रुपए में खरीदा जबकि भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को 'सोबिस्को स्मैशर्स मालदा' ने 9.60 लाख रुपए में बरकरार रखा। बंगाल के कप्तान सुदीप कुमार घरामी और युवराज दीपक केसवानी क्रमशः 9.40 लाख रुपए और 8.60 लाख रुपये में 'नोवस पुरुलिया रॉयल्स' में शामिल हुए। 

युवा खिलाड़ी रोहित ने भी सबका ध्यान खींचा जब उन्हें 'नोवस पुरुलिया रॉयल्स' के साथ 5.20 लाख रुपये का करार मिला। नीलामी के दौरान बातचीत करते हुए बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि यह लीग धीरे-धीरे बंगाल के क्रिकेटरों के लिए ऊंचे स्तर पर पहुंचने का एक अहम मंच बनती जा रही है। 

गांगुली ने कहा, 'प्रगति इसी तरह होती है। आप सबसे निचले स्तर से शुरुआत करते हैं, फिर अगले स्तर पर जाते हैं और आखिर में देश और फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हैं। यह मंच इसी मकसद से बनाया गया है।' भारत के पूर्व कप्तान ने नीलामी प्रणाली शुरू किए जाने का भी स्वागत किया और कहा कि इससे प्रतियोगिता को एक नया आयाम मिला है। महिला खिलाड़ियों की नीलामी सोमवार को होगी।