Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : Virat Kohli ने आखिरकार Royal Challengers Bengaluru के IPL खिताब जीतने के पल को याद करते हुए बड़ा खुलासा किया है। कोहली ने कहा कि अगर RCB शुरुआती वर्षों में ट्रॉफी जीत जाती, तो शायद उन्हें उतनी खुशी महसूस नहीं होती जितनी 18 साल बाद मिली।

18 साल बाद खत्म हुआ RCB का इंतजार

RCB ने IPL 2025 के फाइनल में Punjab Kings को हराकर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की थी। यह जीत फ्रेंचाइजी और फैंस के लिए बेहद खास रही क्योंकि टीम को कई बार “Almost Champions” कहा गया, लेकिन वह खिताब जीतने में नाकाम रही थी।फाइनल जीतने के बाद विराट कोहली मैदान पर बेहद भावुक नजर आए थे और उनकी आंखों में आंसू साफ दिखाई दिए थे।

‘उस एहसास को शब्दों में बयां नहीं कर सकता’

RCB पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान विराट ने बताया कि आखिरी ओवर की अंतिम चार गेंदों के दौरान वह किस मानसिक स्थिति में थे। कोहली ने कहा, 'मैं खुद को बहुत भाग्यशाली और आभारी मानता हूं। लेकिन उस रात जो एहसास था, उसे शब्दों में समझाना बहुत मुश्किल है। आखिरी ओवर की आखिरी चार गेंदों में मैं सिर्फ उस पल को महसूस कर रहा था।'

‘पहले जीतते तो इतनी खुशी नहीं मिलती’

विराट ने साफ कहा कि 18 साल का इंतजार, लगातार दबाव और बार-बार दिल टूटने के बाद मिली यह जीत उनके करियर के सबसे खास पलों में से एक है। उन्होंने कहा, 'मैं पूरी ईमानदारी से कह सकता हूं कि अगर हम शुरुआती वर्षों में ट्रॉफी जीत जाते, तो शायद मुझे इस एहसास का 5 प्रतिशत भी महसूस नहीं होता। 18 साल का दबाव, उम्मीदें और संघर्ष इस जीत को और ज्यादा खास बना देता है।'

RCB के साथ सफर को याद किया

कोहली 2008 से लगातार RCB का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि 2011 में जब फ्रेंचाइजी ने सिर्फ उन्हें रिटेन किया, तब टीम ने उन पर भरोसा जताया और उसी के बाद टीम का निर्माण उनके इर्द-गिर्द हुआ। उन्होंने कहा, 'RCB ने मेरे करियर के बेहद अहम दौर में मुझ पर भरोसा दिखाया। मैं 2011 में अकेला रिटेन खिलाड़ी था और उसके बाद टीम को उसी दिशा में बनाया गया।'

एबी डिविलियर्स और गेल का भी किया जिक्र

विराट ने कहा कि AB de Villiers और Chris Gayle जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी RCB के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ गए थे। उन्होंने कहा, 'AB, क्रिस गेल और कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इस फ्रेंचाइजी के लिए दिल से खेला। जब आप किसी टीम को इतना कुछ देते हैं, तो उससे एक गहरा भावनात्मक रिश्ता बन जाता है।'

‘ट्रॉफी जीतने से पहले यह पल जीना चाहता था’

कोहली ने बताया कि ट्रॉफी जीतने के बाद उनके घुटनों पर बैठ जाने और हाथ जोड़ने के पीछे क्या भावना थी। उन्होंने कहा, '18 साल तक मैंने इस फ्रेंचाइजी के साथ हर भावना महसूस की। जब हमने ट्रॉफी जीती तो मैं सिर्फ भगवान का शुक्रिया अदा कर रहा था कि मुझे अपने करियर खत्म होने से पहले यह पल देखने का मौका मिला।'

IPL 2026 में भी शानदार फॉर्म में RCB

डिफेंडिंग चैंपियन RCB इस सीजन भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम 12 मैचों में आठ जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बनी हुई है। विराट कोहली भी बेहतरीन फॉर्म में हैं और अब तक 484 रन बना चुके हैं।