Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर जोरदार हमला बोला है। कपिल का मानना है कि यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद नुकसानदायक साबित होगा और इससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उसकी साख को गहरा झटका लगेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसले से खेल से ज्यादा राजनीति हावी नजर आती है, जो क्रिकेट के भविष्य के लिए सही नहीं है।

‘आप अपनी ही पीढ़ी को नुकसान पहुंचा रहे हैं’

कपिल देव ने खास तौर पर पाकिस्तान की युवा पीढ़ी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ियों की इच्छा के बिना बोर्ड ऐसे फैसले लेता है, तो यह अपने ही क्रिकेटरों के साथ अन्याय है। कपिल के मुताबिक, पाकिस्तान ने दुनिया को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन अगर उन्हें वर्ल्ड कप जैसे मंच पर खेलने से रोका गया, तो यह सीधे तौर पर खेल और खिलाड़ियों—दोनों को नुकसान पहुंचाएगा।

कपिल देव ने बातचीत में कहा, 'अगर यह फैसला खिलाड़ियों का होता तो वे सामने आकर बोलते। लेकिन जब बोर्ड तय करता है कि आप नहीं खेलेंगे, तो देश की छवि खराब होती है। यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत नहीं है। आप पूरी पीढ़ी को खत्म कर रहे हैं।'

PCB ने क्यों लिया बहिष्कार का फैसला

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को यह साफ किया कि टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था। यह फैसला तब आया जब बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।

पाकिस्तान सरकार की आधिकारिक पुष्टि

पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से बयान जारी कर कहा गया, 'पाकिस्तान सरकार ने टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में भाग लेने की अनुमति दी है, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी।'

ICC की सख्त चेतावनी

इस फैसले से ICC भी खुश नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने PCB को चेतावनी देते हुए कहा है कि इस कदम के दूरगामी और गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ICC का मानना है कि भारत-पाकिस्तान मैच सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट की आर्थिक और वैश्विक संरचना का अहम हिस्सा होता है।

ICC ने अपने बयान में कहा, 'यह फैसला न तो वैश्विक क्रिकेट के हित में है और न ही पाकिस्तान के प्रशंसकों के। इससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इकोसिस्टम पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।'

ग्रुप A में आमने-सामने हैं भारत-पाकिस्तान

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत USA के खिलाफ करेगा, जबकि पाकिस्तान नीदरलैंड्स से भिड़ेगा। भारत, पाकिस्तान, USA, नीदरलैंड्स और नामीबिया—ये सभी टीमें ग्रुप A में शामिल हैं। ऐसे में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सस्पेंस और विवाद दोनों चरम पर हैं।