स्पोर्ट्स डेस्क : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर की टीम जब पांचवें और अंतिम दिन मैदान पर उतरेगी, तो उनके समर्थन में सिर्फ प्रशंसक ही नहीं, बल्कि एक खास मेहमान भी मौजूद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला टीम का हौसला बढ़ाने के लिए हब्बल्ली पहुंच गए हैं। मुकाबला केएससीए हब्बली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है।
ऐतिहासिक खिताब के करीब जम्मू-कश्मीर
Ranji Trophy के फाइनल में पहुंचकर ही जम्मू-कश्मीर ने इतिहास रच दिया है। कप्तान पारस डोगरा की अगुवाई में टीम अपने पहले रणजी खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।
उमर अब्दुल्ला का संदेश
उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'हम हब्बली जा रहे हैं ताकि रणजी ट्रॉफी के फाइनल में खेल रही जम्मू-कश्मीर टीम का हौसला बढ़ा सकें। फाइनल में पहुंचकर ही उन्होंने लाखों लोगों को गर्व महसूस कराया है। मैं कल स्टैंड्स में बैठकर उन्हें चीयर करने के लिए उत्सुक हूं।' उनकी मौजूदगी से खिलाड़ियों का मनोबल और ऊंचा होने की उम्मीद है।
चौथे दिन का खेल: जे&के की पकड़ मजबूत
पहली पारी में 584 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को 293 रन पर समेट दिया और 291 रन की बड़ी बढ़त हासिल की।
घरेलू रेड बॉल टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज औकिब नबी ने एक बार फिर कमाल दिखाया। उन्होंने 23 ओवर में 5/54 की शानदार गेंदबाजी की।
नबी ने केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करुण नायर, स्मरण रविचंद्रन और शिखर शेट्टी जैसे अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मयंक अग्रवाल ने 160 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन टीम को बड़ी बढ़त से नहीं बचा सके।
दूसरी पारी में भी मजबूत स्थिति
कर्नाटक ने दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर को 11/2 पर झटका देकर वापसी की कोशिश की, लेकिन ओपनर कमरान इकबाल ने नाबाद 94 रन बनाकर टीम को संभाल लिया।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर 186/4 पर पहुंच चुका था और कुल बढ़त 477 रन की हो गई थी। अब अंतिम दिन टीम ऐतिहासिक जीत की दहलीज पर खड़ी है।