Sports

लखनऊ : अजिंक्य रहाणे के 197 गेंद में 86 रन की मदद से मुंबई ने वर्षाबाधित ईरानी कप मैच के पहले दिन शेष भारत के खिलाफ 4 विकेट पर 237 रन बनाए। भारत के लिए 85 टेस्ट में 5000 से अधिक रन बना चुके रहाणे के अलावा श्रेयस अय्यर ने 84 गेंद में 57 और सरफराज खान ने 88 गेंद में 54 रन बनाए। शेष भारत के लिए मुकेश कुमार ने 3 और यश दयाल ने एक विकेट लिया मंगलवार को सिर्फ 68 ओवर ही फेंके जा सके।


रहाणे और अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर रहाणे और सरफराज 98 रन की साझेदारी करके क्रीज पर थे। अपने कैरियर में 12 टेस्ट शतक और 40 प्रथम श्रेणी शतक जड़ चुके रहाणे क्रीज पर सहज नहीं दिखे। उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया है लेकिन उस लय में नहीं दिखे जिसके लिए जाने जाते हैं। मानव सुतार के खिलाफ 58 गेंद में वह 22 रन ही बना सके और प्रसिद्ध कृष्णा की 38 गेंदों पर सात रन ही बना पाए।