Sports

हैदराबाद : विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरुआती कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की कप्तानी करेंगे। वह ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पैट कमिंस की जगह लेंगे जो अभी भी पीठ की चोट से उबर रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को यह घोषणा की। SRH ने यह भी बताया कि इस दौरान नंबर 1 T20I बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, किशन के उप-कप्तान होंगे। 

SRH ने X पर एक पोस्ट में लिखा, 'पैट कमिंस चोट से उबरने के कारण कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। जब तक वह ठीक नहीं हो जाते ईशान किशन कप्तान और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान रहेंगे।' कमिंस ने दिसंबर 2025 में एडिलेड में हुए तीसरे एशेज टेस्ट के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। वेस्टइंडीज दौरे के बाद पीठ के निचले हिस्से में 'लम्बर बोन स्ट्रेस इंजरी' (रीढ़ की हड्डी में खिंचाव) के कारण वह खेल से बाहर हो गए थे।

इसी चोट के चलते उन्हें एशेज के बाकी मैचों और 2026 ICC पुरुष टी20 विश्व कप से भी बाहर होना पड़ा था। उम्मीद है कि यह ऑलराउंडर IPL 2026 के बाद के चरणों में टीम से जुड़ेगा। किशन, जो 2025 IPL से ही SRH टीम का हिस्सा हैं, ने हाल ही में घरेलू सत्र में झारखंड की कप्तानी करते हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता था। कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी करने के लिए उनके पास मजबूत दावेदारी है। उन्होंने IPL में अब तक किसी भी टीम की कप्तानी नहीं की है, और दुनिया की इस सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में एक कप्तान के तौर पर यह उनका पहला अनुभव होगा।

वहीं दूसरी ओर अभिषेक IPL 2019 से पहले SRH से जुड़े थे और तब से टीम के एक अहम सदस्य बने हुए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड के साथ मिलकर एक बेहद आक्रामक सलामी जोड़ी बनाई है। जहां एक तरफ शानदार फॉर्म में चल रहे किशन ने भारत की T20 विश्व कप जीत के दौरान तीन अर्धशतक जड़े, वहीं अभिषेक ने भी फाइनल मैच में अपनी लय हासिल करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया। भारत ने यह फाइनल 96 रनों से जीता था। 

अभिषेक IPL 2026 में भी अपनी इसी फॉर्म को जारी रखने की कोशिश करेंगे, जहां वह टीम के उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। IPL 2016 की विजेता SRH 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपने IPL 2026 अभियान की शुरुआत करेगी।