Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय बैटिंग स्टार विराट कोहली सोमवार को अपनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम के साथ देश की राजधानी में थे। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की मौजूदा चैंपियन टीम ने अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच को एकतरफा बना था, जिसमें मेहमान टीम ने दिल्ली को 75 रन पर ढेर करने के बाद आसानी से 9 विकेट से जीत हासिल की। हालांकि मैच से भी ज्यादा चर्चित विराट कोहली का एक फैन बन गया जो भारतीय बल्लेबाज के इंतजार में होटल में  बैठा था और जब उसे कोहली का आटोग्राफ नहीं मिला तो वह रोने लगा और बैट को जमीन पर पटक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

जानकारी के मुताबिक बच्चा होटल के रिसेप्शन पर इंतजार कर रहा था, इस उम्मीद में कि RCB के स्टार खिलाड़ी से वह अपने क्रिकेट बैट पर ऑटोग्राफ ले पाएगा। जब कोहली अपनी सिक्योरिटी और स्टाफ के साथ वहां पहुंचे, तो बच्चा उनके पीछे-पीछे गया और उनके करीब जाने की कोशिश की, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड्स ने उसे रोक दिया। वहां मौजूद लोगों के सुरक्षाकर्मियों से बच्चे को अंदर जाने देने का आग्रह करने के बावजूद उसे क्रिकेटर से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। 

इसके बाद बच्चा फूट-फूटकर रोने लगता है और हताशा के एक पल में अपना क्रिकेट बैट जमीन पर पटक देता है। इस घटना का एक वीडियो, जो ऑनलाइन काफ़ी शेयर किया गया, उसके साथ यह कैप्शन था, 'लगता है यूनिवर्स ने सच में कह दिया, ‘आज नहीं’।' इस घटना ने X पर एक बहस छेड़ दी है, जिसमें लोगों की राय पूरी तरह से बंटी हुई है। कुछ यूजर्स ने बच्चे के प्रति सहानुभूति जताई और इस स्थिति पर निराशा व्यक्त की। 

एक यूज़र ने लिखा, 'हो सकता है कि उस समय वह सही मानसिक स्थिति में न हो, लेकिन बच्चे के प्रति इस तरह की अनदेखी सही नहीं है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'कभी-कभी एक स्टार के लिए एक छोटा सा पल, एक बच्चे के लिए जिंदगी भर की याद बन जाता है।' हालांकि, दूसरों ने उन व्यावहारिक मुश्किलों के बारे में लिखा जिनका सामना खिलाड़ियों को करना पड़ता है, खासकर मैच के दिनों में। एक यूजर ने कहा, 'हर बार कोई खिलाड़ी आपको ऑटोग्राफ नहीं दे सकता या फैंस से नहीं मिल सकता, क्योंकि उनकी अपनी निजी जगह और जिंदगी होती है। हमने विराट कोहली को फैंस से मिलते और ऑटोग्राफ देते हुए देखा है।'