खेल डैस्क : अभिषेक पोरेल और केएल राहुल के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। एकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेला गया मुकाबला दिल्ली ने 8 विकेट से जीत लिया। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। लखनऊ ने पहले खेलते हुए ऐडन मारक्रम के अर्धशतक की बदौलत 159 रन बनाए थे। दिल्ली के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट लिए। जवाब में दिल्ली के बल्लेबाजों ने लखनऊ के गेंदबाजों के हमले निरस्त कर दिए और शानदार जीत हासिल की। केएल राहुल ने 42 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर 18वें ओवर में ही अपनी टीम को जीत दिला दी।
अंक तालिका : दिल्ली कैपिटल्स दूसरे स्थान पर बरकरार
दिल्ली के अब 8 मैचों में 6 जीत के साथ 12 प्वाइंट हो गए हैं। दिल्ली ने लगातार चार जीत के साथ सीजन की शुरूआत की थी जब उन्हें लखनऊ, हैदराबाद, चेन्नई और आरसीबी पर जीत मिली थी। मुंबई के खिलाफ 12 रन से मुकाबला गंवाने के बाद दिल्ली ने आगामी मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स से सुपरओवर मुकाबला जीता था। इसके बाद गुजरात टाइंटस से हारने के बाद उन्होंने लखनऊ के खिलाफ जीत हासिल की है। अंक तालिका में अभी भी गुजरात टाइटंस बेहतर रन रेट के साथ पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 8 मैचों में 6 मुकाबले जीते हैं। वही, लखनऊ की टीम 8 मैचों में चार हार के साथ 5वें स्थान पर बनी हुई है। लखनऊ को इस सीजन में अब तक दिल्ली, पंजाब, चेन्नई और अब फिर से दिल्ली से हार मिली है।
यह भी पढ़ें:- IPL 2025 : पावरप्ले में बन रहे अजब रिकॉर्ड, पंत की वजह से लखनऊ भी चर्चा में
यह भी पढ़ें:- 9 मैचों में 31 छक्के लगाए, लेकिन इस गेंदबाज के आगे फेल हैं निकोल्स पूरन
यह भी पढ़ें:- सिक्सर से चोटिल हुए फैन से LSG स्टार निकोल्स पूरन ने की मुलाकात, दिया यह खास गिफ्ट
लखनऊ सुपर जायंट्स : 159-6 (20 ओवर)
लखनऊ को ऐडन मारक्रम ने मिचेल मार्श के साथ मिलकर शानदार शुरूआत दी। मारक्रम ने 33 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए और 11 ओवर में स्कोर 98 तक पहुंचा दिया। मारक्रम की चमीरा ने विकेट लीं। इसके बाद मार्श के साथ निकोल्स पूरन ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। पूरन लगातार दूसरे मैच में फ्लॉप हो गए। वह 5 गेंदों पर 9 रन बनाकर स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए। अब्दुल समद 2 रन बनाकर आऊट हो गए। मार्श ने 36 गेंदों पर तीन चौके और एक छकके की मदद से 45 रन बनाए जबकि आयूष बदोनी ने क्रीज पर आते ही अच्छे शॉट लगाए और 21 गेंदों पर 6 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। वह मुकेश की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद डेविड मिलर ने स्कोर आगे बढ़ाया। 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर पंत भी बोल्ड हो गए। लखनऊ ने 5 विकेट खोकर 159 का स्कोर बनाया। दिल्ली की ओर से मुकेश कुमार ने 4 विकेट लीं।
दिल्ली कैपिटल्स : 161-2 (17.5 ओवर)
दिल्ली की ओर से अभिषेक पोरेल और करुण नायर ने ओपनिंग पर शुरूआत की। करुण ने अच्छे शॉट लगाए लेकिन चौथे ओवर में मारक्रम की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 9 गेंदों पर 15 रन बनाए। तभी अभिषेक के साथ केएल राहुल ने स्कोर को आगे बढ़ाया। पावरप्ले में दिल्ली का स्कोर 54-1 हो गया। अभिषेक 12वें ओवर में 36 गेंदों पर 5 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाने में सफल रही। इसके बाद राहुल ने कप्तान अक्षर पटेल के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। अक्षर जहां एक छोर पर 20 गेंदों पर 4 छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद रहे तो वहीं केएल राहुल ने भी 42 गेंदों पर 57 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
लखनऊ सुपर जाइंट्स : एडेन मार्कराम, मिशेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अब्दुल समद, डेविड मिलर, शार्दुल ठाकुर, दिग्वेश सिंह राठी, रवि बिश्नोई, अवेश खान, प्रिंस यादव
दिल्ली कैपिटल्स : अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव, दुष्मंथा चमीरा, मुकेश कुमार