Sports

खेल डैस्क : पंजाब किंग्स को मुल्लांपुर के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अंत में महज 2 रन से हार झेलनी पड़ी। हैदराबाद ने पहले खेलते हुए 20 ओवरों में 182 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी पंजाब को आखिरी ओवर में जीत के लिए 29 रन चाहिए थे। पंजाब के लिए आशुतोष शर्मा और शशांक सिंह क्रीज पर थे लेकिन वह 26 रन ही बना पाए। पंजाब को 2 रन से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही अंक तालिका में पंजाब किंग्स को नुकसान उठाना पड़ा है। अब उनके नाम पर 5 मैचों में सिर्फ दो ही जीत दर्ज है। जबकि हैदराबाद पांच मैच में तीन जीती के साथ अभी भी पांचवें स्थान पर बनी हुई है।

 

सनराइजर्स हैदराबाद : 182-9 (20 ओवर)

हैदराबाद को शुरूआत देने के लिए ट्रेविस हेड के साथ अभिषेक शर्मा मैदान पर पहुंचे। ट्रेविस ने 15 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 21 रन बनाए। उन्हें अर्शदीप ने आऊट किया। इसी ओवर में ही अर्शदीप ने ऐडन मार्करम (0) की भी विकेट निकाल दी। इसके बाद अभिषेक शर्मा (16) ने एक शाॅट लगाए लेकिन सैम कुरेन ने 5वें ओवर में उनका विकेट निकाल दिया। राहुल त्रिपाठी 14 गेंदों पर 11 रन बनाकर आऊट हो गए। हेनरिक क्लासेन महज 9 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद मध्यक्रम में आए अब्दुल समद ने बड़े शॉट लगाए। अब्दुल ने 12 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 25 रन बनाए। उन्हें  अर्शदीप ने आऊट किया। अर्शदीप यही नहीं रुके उन्होंने इसके बाद नितिश रेड्डी को पवेलियन की राह दिखाई जिन्होंने 37 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए।  इसके बाद रबाडा ने स्ट्राइक की और हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को 3 रन पर बोल्ड कर दिया। 19वें ओवर में शाहबाज अहमद ने कुछ अच्छे शॉट लगाए। 20वां ओवर फेंकने आए सैम कुरेन ने स्ट्राइक की और भुवनेश्वर कुमार (6) को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। आखिरी गेंद पर उनादकट ने छक्का लगाकर हैदराबाद का स्कोर 182 तक पहुंचा दिया।

 

पंजाब किंग्स : 180/6 (20 ओवर)

पंजाब की शुरूआत खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने पहली ही ओवर मेडन फेंकी। अगली ओवर कप्तान पैट कमिंस ने फेंकी जिसमें उन्होंने पंजाब के सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (0) की विकेट निकाल दी। इंपेक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे प्रभसिरमण सिंह 6 गेंदों पर 4 रन बनाकर भुवनेश्वर का शिकार हो गए। कप्तान शिखर धवन भी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और 14 के स्कोर पर भुवी की गेंद पर विकेटकीपर क्लासेन के हाथों स्टंप आऊट हो गए। सैम कुरेन ने 22 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। इसके बाद सिकंदर रजा और शशांक सिंह ने पारी को संभाला। सिकंदर रजा 22 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद जितेश शर्मा 11 गेंदों पर 19 रन बनकर रेड्डी का शिकार हो गए। हालांकि इसके बाद शशांक सिंह ने एक छोर संभाला और स्कोर 18 ओवर में 144 तक ले गए। पंजाब ने जितेश का विकेट 16वें ओवर में गंवाया था। इसके बाद शशांक सिंह के साथ मिलकर आशुतोष शर्मा ने ताबड़तोड़ शॉट लगाए। आखिरी ओवर में जब टीम को जीत के लिए 29 रन चाहिए थे तो दोनों बल्लेबाज 26 रन ही बना पाए। शशांक ने 25 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्के की मदद से 46 तो आशुतोष ने 15 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। 
 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स : शिखर धवन (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), सैम कुरेन, सिकंदर रजा, शशांक सिंह, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह

सनराइजर्स हैदराबाद : ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), शाहबाज़ अहमद, नितीश कुमार रेड्डी, अब्दुल समद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, मयंक मारकंडे, जयदेव उनादकट