Sports

चेन्नई : दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी वीरवार को आईपीएल इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया जब वह सुरेश रैना को पछाड़कर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। अब धोनी के नाम आईपीएल में 4,699 रन हो  गए हैं। उन्होंने सुरेश रैना (4,687 रन) को पीछे छोड़ा है। अपने संयम और फिनिशिंग कौशल के लिए जाने जाने वाले पूर्व सीएसके कप्तान ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में प्रशंसकों को खुश करते हुए अपने खास अंदाज में यह उपलब्धि हासिल की।


आईपीएल में सीएसके के लिए सर्वाधिक रन
4699 - महेंद्र सिंह धोनी
4687 - सुरेश रैना
2721 - फाफ डु प्लेसिस
2433 - ऋतुराज गायकवाड
1939 - रवीन्द्र जड़ेजा
1932 - अंबाती रायडू

 

 

रैना जोकि धोनी को ही अपना गुरु मानते हैं, चेन्नई के लिए कई साल तक इस लिस्ट में नंबर एक पर रहे। बहरहाल, धोनी के इस मुकाम पर पहुंचते ही चेन्नई के प्रशंसक जश्न मनाने लगे। सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हुई। धोनी वैसे भी कप्तान से हटने के बावजूद अपने बल्ले और और स्टंप के पीछे काबिलियत से चर्चा में रहते हैं। वह आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक स्टंपिंग (43) का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने फिल सॉल्ट को जिस तरह से आऊट किया, उसने दिखा दिया कि अभी भी उनका मुकाबला नहीं है। 

 

ऐसा रहा मैच

जोश हेजलवुड, यश दयाल और लियाम लिविंगस्टन की शानदार गेंदबाजी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेपक के मैदान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया। 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आरसीबी ने 37 रनों से जीत दर्ज की थी जोकि किसी भी मैदान पर आरसीबी की लक्ष्य का बचाव करते हुए बड़ी जीत थी। लेकिन इस बार उन्हें 50 रन यानी सबसे बड़ी जीत मिली है। बेंगलुरु ने पहले खेलते हुए रजत पाटीदार के 51, कोहली के 31 तो टिम डेविड के 8 गेंदों पर 22 रन की बदौलत 196 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई शुरूआत से ही ड्रैग हो गई। त्रिपाठी 5, गायकवाड़ 0, दीपक 4 तो सैम कुरेन 8 रन ही बना पाए। रचिन ने 41 तो जडेजा ने 25 रन बनाए लेकिन यह टीम के काम नहीं आ सके। धोनी ने 3 चोके और 2 छक्कों की मदद से 30 रन ही बना पाए और 50 रन से मुकाबला गंवा दिया।