Sports

खेल डैस्क : मुल्लांपुर के मैदान पर आखिरकार मुंबई इंडियंस ने जीत की लय पर लौटते हुए पंजाब किंग्स को 9 रन से हरा दिया। मुंबई ने सीजन के पहले 3 मुकाबले गंवाने के बाद दिल्ली और बेंगलुरु पर जीत हासिल की थी। लेकिन चेन्नई से मुकाबला गंवाने के कारण वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर आ गई थी। लेकिन पंजाब के खिलाफ मुकाबले में उन्हें बमुश्किल जीत मिल गई। मुंबई ने पहले खेलते हुए सूर्यकुमार यादव ने 78 रन बनाकर टीम स्कोर 192 तक पहुंचाया था। जवाब में खेलने उतरी पंजाब टीम ने 77 रन पर ही 6 विकेट गंवा लिए थे। लेकिन आशुतोष वर्मा ने 28 गेंदों पर 61 रन बनाकर पंजाब को मैच में वापस ला खड़ा किया। लेकिन आखिरी ओवरों में मुंबई की टीम हावी रही और पंजाब को हार झेलनी पड़ी। मुंबई के लिए जेराल्ड कोइट्जे और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए।

 

 

मुंबई इंडियंस : 192/7 (20 ओवर)

मुंबई की शुरूआत सधी हुई रही। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन 8 गेंदों पर 8 रन ही बना पाए। उन्हें कागिसो रबाडा ने पहली ही गेंद पर बराड़ के हाथों कैच आऊट कराया। इसके बाद रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। 5वें ओवर में रोहित पगबाधा हो गए लेकिन थर्ड अंपायर ने फैसला पलट दिया। सूर्यकुमार यादव ने भी एक छोर संभाला और तेजतर्रार शॉट लगाए। सूर्यकुमार ने पंजाब के खिलाफ लगातार तीन पारियों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी बीच अपना 250वां मुकाबला खेल रहे रोहित 25 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर सैम कुरेन की गेंद पर आऊट हो गए। सूर्यकुमार को सैम कुरेन ने ही पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 53 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। इसके बाद रन गति बढ़ाने के चक्कर में हार्दिक पांड्या 6 गेंद पर 10 तो टिम डेविड 7 गेंद पर 14 रन बनाकर आऊट हो गए। एक छोर संभालकर खड़े तिलक वर्मा (34) ने हिटिंग जारी रखी और टीम स्कोर 192 तक पहुंचा दिया। 

 

पंजाब किंग्स : 183 (19.1 ओवर)

पंजाब की शुरूआत खराब रही। पहले ही ओवर में प्रभसिरमन सिंह बिना खाता खोले आऊट हो गए। इससे अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने स्ट्राइक की और रिले रौसोव और सैम कुरैन के विकेट निकल दिए। तीसरे ओवर में जेराल्ड को एक बार फिर सफलता मिली जब उन्होंने लियाम लिविंगस्टन को कैच एंड बोल्ड कर दिया। हरप्रीत सिंह भाटिया ने आते ही कुछ शॉट लगाए लेकिन उन्हें 13 के स्कोर पर श्रेयस गोपाल ने पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद शशांक सिंह ने एक छोर संभाला और जोरदार हिटिंग की। जितेश शर्मा जब 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए तो शशांक ने आशुतोष शर्मा के साथ मिलकर जोड़ी बनाई और स्कोर 100 पार ले गए। 13वें ओवर में मुंबई के लिए एक बार फिर से जसप्रीत बुमराह ने स्ट्राइक की और शशांक का विकेट निकाल दिया। शशांक ने 25 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 41 रन बनाए।दूसरे छोर पर खड़े आशुतोष शर्मा भी अपने रंग में दिखे। उन्होंने ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए अपनी फिफ्टी पूरी की। आशुतोष ने 2 चौके और 7 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वह 18वें ओवर में जेराल्ड का शिकार बन गए। अंत में कागिसो रबाडा ने आकर एक छक्का लगाया लेकिन 20वें ओवर में उनके रनआऊट होने के साथ मुंबई ने 9 रन से यह मुकाबला जीत लिया।

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स : रिले रोसौव, प्रभसिमरन सिंह, सैम कुरेन (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, शशांक सिंह, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, कैगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह।

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, मोहम्मद नबी, गेराल्ड कोएत्जी, श्रेयस गोपाल, जसप्रीत बुमराह।