Sports

खेल डैस्क : पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स पर दबदबा कायम करते हुए लगातार 5वें मुकाबले में उनके खिलाफ जीत हासिल कर ली है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जब चेन्नई ने आईपीएल 2024 के तहत पहले खेलते हुए ऋतुराज गायकवड़ के 62 रनों की बदौलत 162 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी पंजाब किंग्स ने जॉनी बेयरस्टो के 46, रिले रौसोव के 43 और शशांक सिंह और सैम कुरेन की उत्कृष्ठ पारियों की बदौलत 18वें ओवर में जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही अंक तालिका रोचक हो गई है। अब चौथे स्थान के लिए पंजाब टीम दिल्ली, गुजरात और हैदराबाद के लिए मुश्किल स्थितियां खड़ी कर सकती है।
 

 

पिछले 5 आईपीएल मैचों में सीएसके बनाम पीबीकेएस
- पंजाब ने सीएसके को 4 विकेट से हराया।
- पंजाब ने सीएसके को 11 रन से हराया।
- पंजाब ने सीएसके को 54 रन से हराया।
- पंजाब ने सीएसके को 6 विकेट से हराया।
- पंजाब ने सीएसके को 7 विकेट से हराया।

 

 

चेन्नई सुपर किंग्स : 162-7 (20 ओवर)

चेन्नई की ओर से ओपनिंग क्रम पर अजिंक्य रहाणे के साथ ऋतुराज गायकवड़ आए। दोनाें ने सधी हुई शुरूआत की लेकिन पावरप्ले खत्म होने तक बड़े शॉट लगाए। दोनों ने पहले 8 ओवर में बिना विकेट गंवाए 64 रन बना लिए थे। लेकिन 9वें ओवर की शुरूआत में रहाणे 24 गेंदों पर 29 रन बनाकर हरप्रीत बराड़ का शिकार हो गए। अगली ही गेंद पर बराड़ ने शिवम दुबे को भी पगबाधा आऊट करवा दिया। खेल दसवें ओवर में था जब स्पिनर राहुल चाहर ने रविंद्र जडेजा को पगबाधा कर चेन्नई को तीसरा झटका दे दिया। जडेजा ने 2 रन बनाए। 16वें ओवर में समीर रिजवी तेज गेंदबाज रबाडा का शिकार हुए। उन्होंने 23 गेंदों पर एक चौके की मदद से 21 रन बनाए। ऋतुराज ने अर्धशतक पूरा करने के बाद कुछ शॉट लगाए लेकिन आखिर 18वें ओवर में रन गति तेज करने के चक्कर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 48 गेंदों पर 62 रन बनाए। मोईन अली को जब 15 रन पर राहुल चाहर ने बोल्ड कर दिया तो क्रीज पर उतरे महेंद्र सिंह धोनी (14) ने स्कोर को आगे बढ़ाया और 7 विकेट पर 162 रन तक पहुंचा दिया।

 

यह भी पढ़ें:-  PBKS vs CSK : 108, 98, 62 रनों के साथ ऋतुराज गायकवड़ के पास आई ऑरेंज कैप

 

यह भी पढ़ें:-  सवाल उठ रहे हैं : इरफान पठान ने हार्दिक पांड्या को घेरा, प्रदर्शन पर कहीं तीखी बातें

 

यह भी पढ़ें:- T20 World cup : हम जश्न मनाने के लिए मिठाइयां लाए थे- रिंकू सिंह के पिता का छलका दर्द

 

 

पंजाब किंग्स : 163-3 (17.5 ओवर)

पंजाब को प्रभसिमरण ने एक बार फिर से तेजतर्रार शुरूआत देने की कोशिश की लेकिन चौथे ही ओवर में वह रिचर्ड ग्लीसन का शिकार हो गए। प्रभसिमरण ने 13 रन बनाए। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर रिले रोसौव ने मिलकर स्कोर 50 के पार पहुंचाया। 10वें ओवर में विकेट के पीछे शॉट लगाने के चक्कर में जॉनी बेयरस्टो धोनी के हाथों लपके गए। उन्होंने 30 गेंदों पर 7 चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए। इसके बाद रिले रौसोव ने टीम का स्कोर 100 पार करवाया। उन्होंने 12वें ओवर में आऊट होने से पहले 23 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। इसके बाद शशांक सिंह और कप्तान सैम कुरेन ने पारी को संभाला और 18वें ओवर में टीम को जीत दिला दी। शशांक सिंह ने 25 तो सैम ने 26 रन बनाए। पंजाब 7 विकेट से जीती।

 


अपडेट हुई अंक तालिका
पंजाब ने जीत हासिल करने के साथ ही चौथे स्थान के लिए दौड़ मजेदार कर दी है। चेन्नई की यह 10 मैचों में पांचवीं हार हैं। उनके आगामी मुकाबले पंजाब, गुजरात, राजस्थान और बेंगलुरु के खिलाफ हैं। वहीं, पंजाब के आगामी मुकाबले चेन्नई, बेंगलुरु, राजस्थान और हैदराबाद के खिलाफ है। अगर पंजाब 3 मैच भी जीत गया तो कुछ टीमों के लिए समस्या खड़ी कर देगा। बहरहाल, अंक तालिका में अभी भी राजस्थान रॉयल्स ने 9 में से 8 मैच जीतकर पहले नंबर पर है। कोलकाता दूसरे तो लखनऊ तीसरे स्थान पर बनी हुई है। मुंबई और बेंगलुरु के चांस लगभग खत्म होते नजर आ रहे हैं।

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
पंजाब किंग्स : जॉनी बेयरस्टो, सैम कुरेन (कप्तान), रिले रोसौव, शशांक सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, कैगिसो रबाडा, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह।
चेन्नई सुपर किंग्स : अजिंक्य रहाणे, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेरिल मिशेल, मोइन अली, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, रिचर्ड ग्लीसन, मुस्तफिजुर रहमान।