Sports

खेल डैस्क : ईडन गार्डन्स में जब कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच बीते दिनों बड़ा मुकाबला खेला गया था तो दर्शक दीर्घा में क्रिकेटर रिंकू सिंह का एक प्रशंसक पुलिस ने पीट दिया। रिपोर्टों के अनुसार जब गेंद छक्के लगने के कारण स्टैंड में आई तो उक्त प्रशंसक ने उत्तेजित होते हुए गेंद को फौरन अपनी पॉकेट में डाल लिया। भीड़ के बाद जब पुलिसकर्मियों ने यह देखा तो उन्होंने फैन से गेंद छीनी और मैदान पर वापस भिजवाई। इस दौरान पुलिसकर्मी को रिंकू के प्रशंसक को लाफे मारते भी देखा गया। घटनाक्रम की एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुई। 

 

 

इस बीच, कोलकाता में मुंबई इंडियंस को हराने के बाद केकेआर को 13 मैचों में 19 अंकों के साथ शीर्ष दो में जगह और क्वालीफायर 1 में जगह पक्की हो गई। कोलकाता अब अपना आखिरी मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलेगी। यह दोनों टीमें अंक तालिका में पहले स्थान पर रहने के लिए भिड़ेगी। कोलकाता ने इस सीजन में चेन्नई, राजस्थान और पंजाब से ही मुकाबला गंवाया है। कोलकाता के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी में प्रभावी प्रदर्शन हुए हैं। सुनील नरेन ओपनिंग पर लौटने के साथ ही खतरनाक प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके नाम पर 400 से ज्यादा रन तो 15 विकेट भी हैं।

 


बता दें कि केकेआर के पास जब से गौतम गंभीर बतौर मेंटोर वापस आए हैं, टीम का प्रदर्शन अच्छा हो गया है। गंभीर ने बीते दिनों एक इंटरव्यू के दौरान सूर्यकुमार यादव की क्षमता न पहचान पाने को लेकर  दुख भी जाहिर किया। सूर्यकुमार पहले कोलकाता में थे। बहरहाल, गंभीर ने कहा कि एक नेता की भूमिका सर्वोत्तम क्षमता की पहचान करना और उसे दुनिया को दिखाना है। अगर मुझे अपनी सात साल की कप्तानी में कोई अफसोस है तो वह यह है कि मैं और एक टीम के रूप में सूर्यकुमार यादव का उनकी क्षमता के अनुसार सर्वोत्तम उपयोग नहीं कर पाया। इसका एक कारण था। आप नंबर 3 पर केवल एक खिलाड़ी को खिला सकते हैं। और एक लीडर के रूप में, आपको प्लेइंग 11 में अन्य 10 खिलाड़ियों के बारे में भी सोचना होता है। वह एक टीम मैन भी थे। कोई भी अच्छा खिलाड़ी हो सकता है, लेकिन टीम मैन बनना एक कठिन काम है।