Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी में सबसे महंगी क्रिकेटर बनीं, उन्हें नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 3.4 करोड़ रुपये में खरीदा। भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना का नीलामी में नाम सबसे पहले आया और उनके नाम पर आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच तेजी से बोली लगाने की जंग छिड़ गई। आखिर में आरसीबी टीम ने सबसे बड़ी बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। 

इस नीलामी को लेकर भारतीय खिलाड़ियों के बीच विशेष उत्साह देखा गया। ट्विटर पर जियो सिनेमा ने एक वीडियो साझा की है, जिसमें देखा जा रहा है कि स्मृति मंधाना अपने साथी खिलाड़ियों के साथ नीलामी देख रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि मंधाना के नाम पर जैसे ही बोली समाप्त होती है तो पूरी टीम में जश्न को माहौल शुरू हो जाता है।

 

भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना  के अलावा भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस ने काफी सस्ता मंधाना से आधी राशि में 1.80 करोड़ रूपये में अपनी टीम में शामिल किया। वह मुंबई की सबसे महंगी खिलाड़ी भी नहीं हैं क्योंकि टीम ने इंग्लैंड की नैट स्किवर ब्रंट को सबसे ज्यादा 3.20 करोड़ रूपये देकर हासिल किया। बल्कि हरमनप्रीत भारतीय खिलाड़ियों में शीर्ष छह में भी शामिल नहीं है क्योंकि देश की दूसरी सबसे महंगी बिकने वाली भारतीय खिलाड़ी आल राउंडर दीप्ति शर्मा हैं जिन्हें यूपी वारियर्स ने 2.6 करोड़ रूपये में खरीदा। 

ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिये मशहूर युवा शेफाली वर्मा और रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ विश्व टी20 मैच की स्टार रहीं जेमिमा रोड्रिग्स को दिल्ली कैपिटल्स ने क्रमश: दो और 2.20 करोड़ रूपये में खरीदा। आल राउंडर पूजा वस्त्राकर (मुंबई इंडियंस) और ऋचा घोष (आरसीबी) को भी 1.90 करोड़ रूपये मिले। जेमिमा और ऋचा को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत से काफी फायदा मिला। 

यास्तिका भाटिया को मुंबई इंडियंस ने 1.50 करोड़ रुपये जबकि रेणुका को आरसीबी ने इतनी ही राशि पर अपने साथ जोड़ा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे अच्छा सौदा समकालीन महिला क्रिकेट की बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक आस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग को 1.10 करोड़ रूपये में खरीदना रहा।